चंडीगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत, आइलेट्स का छात्र था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के सेक्टर 25-38 चौक के पास सोमवार सुबह करीब 7:45 बजे ट्रक की टक्कर से एक्टिवा सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के वक्त महिला काम पर जा रही थी। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस महिला को पीजीआई ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सेक्टर-25 के मकान नंबर-3111 निवासी रीना (30) के रूप में हुई है।
वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। शव को अस्पताल की मार्चरी में रखवा दिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सेक्टर-25,38 चौक के पास एक ट्रक और एक्टिवा से एक्सिडेंट हुआ है।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस को रीना का पति जोगिन्द्र मिला। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी सेक्टर-37 स्थित सरकारी शौचालय में स्वीपर की नौकरी करती थी। सोमवार सुबह घट से दोनों एक्टिवा पर एक साथ निकले। वह सेक्टर 25-38 चौक से पहले ही उतर अपने काम पर चला गया। जब उसकी पत्नी चौक के पास पहुंची तो ट्रक नंबर पीबी-08एक्यू-8544 के चालक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी।
हादसे में वह बुरी तरह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला को तुरंत पीजीआई में पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है। उसे जल्द की दबोच लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि महिला ने हेलमेट नहीं पहना था।
नील गाय बचाने के चक्कर में गड्ढे में गिरी इनोवा, आइलेट्स छात्र की मौत
खुड्डा लाहौरा जंगल के पास रविवार देर रात करीब सवा एक बजे एक इनोवा के गहरे गड्ढे में गिरने से आइलेट्स के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके चार अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसा उस वक्त हुआ जब वे लोग पंजाब के बलाचौर से सेक्टर-36 अपने एक दोस्त से मिलने आ रहे थे।
इस दौरान उनके गाड़ी के आगे नील गाय आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और गहरे गड्ढे में जा गिरी। इससे गाड़ी में सवार सभी लोग घायल हो गए। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीसीआर जवान चार युवकों को जीएमएसएच-16 और एक युवक ही हालत बेहद नाजुक देख उसे पीजीआई ले गए। जहां पीजीआई के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान फरीदकोट के धीमवली निवासी दिलजोश सिंह बराड़ (19) और घायलों की पहचान पंजाब के बलाचौर मॉडल टाउन निवासी गुरसेवक (चालक), हरदीप, दिलशाद और पंजाब नवांशहर निवासी मुकुल के रूप में हुई है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा रविवार देर रात करीब सवा एक बजे का है।
पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि खुड्डा लाहौरा के पास बाइक और रेहड़ी का एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस जब इस एक्सीडेंट की जांच कर रही थी तभी उन्हें पता लगा कि नजदीक के जंगल के पास गहरे गड्ढे में एक गाड़ी गिरी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो इनोवा (पीबी32टी-9009) गहरे गड्ढे में गिरी हुई थी। गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। पुलिस ने उन सबको किसी तरह बाहर निकाला। दिलजोश सिंह बराड़ के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उसे पीजीआई ले जाया गया। अन्य सभी को जीएमएसएच-16 में दाखिल करवाया। वहां दिलजोश की मौत हो गई, जबकि अन्य की हालत स्थिर बनी हुई है।
पिछली सीट पर बैठा था दिलजोश
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि सभी दोस्त इनोवा में बलाचौर से सेक्टर-36 स्थित अपने एक दोस्त से मिलने आ रहे थे। गाड़ी को गुरसेवक चला रहा था। दिलजोश पिछली सीट पर बैठा था। रात करीब सवा एक बजे इनोवा ब्रिज के पास पहुंची तो उनके आगे नील गाय आ गई। उसे बचने के चक्कर में उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई जिस कारण हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सही वजह पता चल सकेगी।