नशे ने लील ली जिंदगियां: जालंधर में गाड़ी में बेहोश मिला युवक, अस्पताल में मौत, बटाला में इकलौते भाई की गई जान
पंजाब में नशे ने दो युवकों की जिंदगी लील ली। जालंधर के लांबड़ा बाजार में बेहोश मिले युवक की अस्पताल में मौत हो गई। वहीं बटाला में दो बहनों के इकलौते भाई की जान जाने से कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जालंधर देहात के अंतर्गत लांबड़ा में स्थित बाजार में खड़ी गाड़ी में एक युवक बेहोश मिला। दुकानदारों ने देखा कि गाड़ी काफी देर से खड़ी है लेकिन कोई बाहर नहीं निकला। पास जाकर देखा तो गाड़ी में युवक था। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लोगों का कहना है कि युवक ने कोई नशा किया है।
थाना लांबड़ा प्रभारी अमन सैनी घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गाड़ी से मिले कागज के अनुसार युवक की पहचान अमनदीप सिंह निवासी कल्याणपुर जालंधर के रूप में हुई है। मामले की जांच कर रहे एसएचओ ने बताया कि मेडिकल जांच में युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होने की बात सामने आई है।
बटाला में दो बहनों के इकलौता भाई की मौत
उधर, बटाला के गांधी नगर कैंप में भी 24 वर्षीय एक युवक की नशे की ओवरडोज से बुधवार को मौत हो गई। इस बात की पुष्टि मृतक के पारिवारिक सदस्यों ने की हैं। उनका कहना है कि युवक पिछले कई सालों से नशे की दलदल में फंसा था और उसका इलाज भी चल रहा था। वहीं बताया जा रहा है कि मृतक पंजाब पुलिस में नौकरी करता था और नशे की वजह से उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। मृतक की पहचान साहिल कुमार निवासी गांधी कैंप बटाला के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि परिवार वालों ने युवक की मौत के बारे में पुलिस को सूचित नहीं किया। इस कारण इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हो सकी।
साहिल की बहन और मामा जसविंदर ने बताया कि साहिल को पंजाब पुलिस में नौकरी उसके पिता के स्थान पर मिली थी लेकिन नशे के सौदागरों ने उसे अपने चंगुल में फंसा लिया और उसे नशे पर लगा दिया। इस नशे की वजह से उसकी नौकरी भी छूट गई। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले मेहता में उसका इलाज भी चल रहा था।
मंगलवार ही अस्पताल से इलाज के बाद अपने घर आया था। रात को वह किसी के साथ चला गया और जब देर रात घर पहुंचा तो उसकी हालत बहुत ही खराब थी। इसके बाद साहिल की मौत हो गई। पारिवारिक सदस्यों ने सरकार से पंजाब में नशा और नशा बेचने वालों पर नकेल कसने की मांग की।
वहीं, इस संबंध में सिंबल पुलिस चौकी के प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना के बारे में किसी ने भी सूचना नहीं दी है जबकि पारिवारिक सदस्यों को पुलिस को सूचना देना चाहिए था। पता चला है कि जिस युवक की मौत हुई है, वह पहले पंजाब पुलिस में नौकरी करता था।