Farmer Suicide: पटियाला और बरनाला में दो किसानों ने की खुदकुशी, दोनों ही आढ़ती से थे परेशान
पंजाब में दो किसानों ने जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। पटियाला में आढ़ती से परेशान किसान ने चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ा। वहीं बरनाला में भी जान देने वाला किसान आढ़ती से परेशान था।
विस्तार
पंजाब के पटियाला जिले के गांव बुजरक निवासी किसान ने आढ़ती से पैसों के लेनदेन के विवाद में जहरीली पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मामले में मृतक किसान की माता के बयान पर आरोपी आढ़ती समेत दो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
नछतर कौर निवासी गांव बुजरक ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसके लड़के बिकर सिंह (42) की गांव के ही रहने वाले गुरजंट सिंह साथ जान-पहचान थी। गुरजंट सिंह ने करीब दो साल पहले बिकर सिंह की मुलाकात गांव बुजरक निवासी आढ़ती जरनैल सिंह से करा दी। इसके बाद से बिकर सिंह अपनी फसल इसी आढ़ती के पास बेचने लगा। साल 2022 की साउनी की फसल के बाद बिकर सिंह ने जरनैल सिंह के साथ हिसाब-किताब कर लिया था और उसकी कोई देनदारी आढ़ती पर नहीं थी। इसके बाद बिकर सिंह के खाते में फसल की दो लाख 70 हजार 375 रुपये की सरकारी भुगतान आया।
बिकर सिंह ने घरेलू खर्चे में इस राशि का इस्तेमाल कर लिया लेकिन बाद में आढ़ती व गुरजंट सिंह ने बिकर सिंह को यह राशि देने की खातिर परेशान करना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी भी देने लगे। आरोपियों से तंग आकर बिकर सिंह ने 28 नवंबर 2022 को जहर पी लिया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे पीजीआई (चंडीगढ़) रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान अब बिकर सिंह की मौत हो गई है।
किसान ने जहरीला पदार्थ निगलकर की खुदकुशी
उधर, बरनाला के कस्बा धनौला के एक किसान ने आढ़ती से चल रहे लेनदेन के विवाद से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। थाना धनौला की पुलिस ने आढ़ती के खिलाफ केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना धनौला के प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि 55 वर्षीय किसान बलविंदर सिंह का आढ़ती सोमनाथ से रुपयों के लेनदेन का विवाद चल रहा था। इससे परेशान होकर किसान बलविंदर सिंह ने जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली।
थाना प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि मृतक किसान बलविंदर सिंह के बेटे गुरप्रीत सिंह के बयान पर आढ़ती सोमनाथ के खिलाफ परेशान कर खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्जकर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी लखविंदर ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर, आरोपी आढ़ती के परिवार ने कहा कि सोमनाथ को साजिश के तहत जानबूझ कर फंसाया जा रहा है। इसकी गहनता से जांच होनी चाहिए।