{"_id":"65a35db9622db32ddd04f8bc","slug":"two-accused-who-demanded-extortion-in-the-name-of-bambiha-gang-arrested-in-hoshiarpur-2024-01-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab: प्रिंसिपल के बेटे के अपहरण की कोशिश, बंबीहा गैंग के नाम पर मांगी तीन करोड़ की रंगदारी, दो आरोपी काबू","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Punjab: प्रिंसिपल के बेटे के अपहरण की कोशिश, बंबीहा गैंग के नाम पर मांगी तीन करोड़ की रंगदारी, दो आरोपी काबू
Sun, 14 Jan 2024 09:41 AM IST
ajay kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, होशियारपुर (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, होशियारपुर (पंजाब)
Published by: ajay kumar
Updated Sun, 14 Jan 2024 09:41 AM IST
सार
पंजाब के होशियारपुर में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। इन दोनों ने बंबीहा गैंग के नाम पर एक प्रिंसिपल को धमकाया और तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इससे पहले आरोपियों ने प्रिंसिपल के बेटे का अपहरण करने की कोशिश भी की।
विज्ञापन
सांकेतिक फोटो।
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
होशियारपुर पुलिस ने टांडा में एक बच्चे के अपहरण का प्रयास करने और बंबीहा गैंग के नाम पर फोन करके तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि 20 दिसंबर 2023 को एक कॉलेज प्रिंसिपल के बेटे का कुछ लोगों ने अपहरण करने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने फोन से तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस ने तुरंत सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर बलविंदर पाल और थाना टांडा प्रभारी इंस्पेक्टर ओंकार सिंह बराड़ की देखरेख में विशेष टीम का गठन किया।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर 2023 को रोहित टंडन निवासी टांडा ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके बेटे सचिन टंडन का दो मोटरसाइकिल सवारों ने अपहरण करने की कोशिश की। इस पर थाना टांडा में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद विदेशी नंबर से रोहित टंडन को फोन पर तीन करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी गई। इस पर आरोपियों के खिलाफ एक और मुकदमा पांच जनवरी को दर्ज किया गया। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ धारा 384 भी जोड़ी गई।
विज्ञापन
इसके बाद सरबजीत सिंह बाहिया पीपीएस पुलिस कप्तान तफ्तीश होशियारपुर की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। उपरोक्त टीम द्वारा तकनीकी एवं साइंटिफिक तरीके से जांच करते हुए दो आरोपियों मनप्रीत उर्फ प्रिंस नागरा, निवासी वार्ड नंबर 06, पटवारी मोहला टांडा जिला होशियारपुर और अनिल कुमार उर्फ राधे निवासी लुधियाना को गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
आरोपियों से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और दो मोबाइल व दो हेलमेट बरामद किए हैं। जांच के दौरान कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने बंबीहा गैंग का नाम लेकर रंगदारी मांगी जबकि जांच के दौरान यह सामने आया है कि इनका गैंग से कोई संबंध नहीं है।