{"_id":"6ae868cd315e8ee7d9000c50","slug":"father-troubled-by-his-sons-alcohol-addiction-hatched-a-plot-to-have-him-killed-paid-a-contract-killer-one-lakh-rupees-bhind-news-c-1-1-noi1227-4898227-2026-11-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"बोरे में बंद शव की गुत्थी सुलझी: शराब की लत से परेशान पिता ने ही करवाई बेटे की हत्या, तीन लाख की दी सुपारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बोरे में बंद शव की गुत्थी सुलझी: शराब की लत से परेशान पिता ने ही करवाई बेटे की हत्या, तीन लाख की दी सुपारी
Mon, 02 Nov 2026 04:26 PM IST
भिन्ड ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिंड
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिंड
Published by: भिन्ड ब्यूरो
Updated Mon, 02 Nov 2026 04:26 PM IST
सार
भिंड में शराब की लत से परेशान पिता पर बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, उसने तीन लोगों को एक-एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। युवक की हत्या कर शव बोरे में भरकर खंती में फेंका गया। पुलिस ने पिता सहित चार आरोपियों को उरई से गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
मृतक की तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
भिंड में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब की लत से परेशान एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। बेटे को रास्ते से हटाने के लिए पिता ने तीन लोगों को एक-एक लाख रुपये की सुपारी दी। इसके बाद आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर खंती में फेंक दिया। देहात थाना पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के पिता सहित चार आरोपियों को उत्तर प्रदेश के उरई से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार और डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किए हैं।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक दरम्यानी रात ग्राम मानपुरा में सिद्धेश्वर गार्डन के पास उमरी रोड स्थित खंती में एक काला बोरा पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव प्लास्टिक की बोरी और तिरपाल में लिपटा हुआ था। मृतक के हाथ, पैर और गर्दन रस्सी से बंधे थे। शरीर पर चोट के निशान थे। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव पर नमक और डिटर्जेंट भी डाला गया था।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- देवास: टीआई की शहादत पर एसपी का बड़ा बयान, बोले- पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना ही शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि
विज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार की गतिविधियां सामने आईं। कार की तलाश करते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के उरई पहुंची, जहां पूछताछ के बाद हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतक रईस अहमद की शराब पीने की आदत से उसका पिता रशीद अहमद परेशान था। इसी वजह से उसने घर में रहने वाले किरायेदार के साथ मिलकर बेटे की हत्या की योजना बनाई। किरायेदार ने अपने दो अन्य साथियों को भी साजिश में शामिल कर लिया। तीनों आरोपियों को हत्या के लिए एक-एक लाख रुपये देने का सौदा तय हुआ।
योजना के तहत 26 अक्टूबर को तीनों आरोपी अर्टिगा कार से ग्वालियर पहुंचे। मृतक का पिता रशीद बस से ग्वालियर पहुंचा और मंथन नशा मुक्ति केंद्र से बेटे रईस को डिस्चार्ज कराकर सिरोल तिराहे पर आरोपियों के हवाले कर दिया। इसके बाद वह वापस लौट गया। आरोप है कि रशीद ने घर पहुंचकर रईस के रेलवे स्टेशन से भाग जाने की झूठी सूचना भी दी।
दूसरी ओर, आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव को बोरी और तिरपाल में लपेटकर मानपुरा की खंती में फेंक दिया। पुलिस ने मृतक के पिता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर अर्टिगा कार और सुपारी की रकम में से डेढ़ लाख रुपये जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
