Punjab News: 3.5 किलो हेरोइन के साथ तीन तस्कर काबू, अब तक 22.5 किलो की खेप बरामद, जानें और क्या-क्या मिला
नशा तस्करों के खिलाफ पंजाब पुलिस का एक्शन जारी है। अमृतसर में तीन तस्करों को हेरोइन के साथ पुलिस ने काबू किया है। अब तक पुलिस इस गिरोह से 22.5 किलो हेरोइन की खेप पकड़ चुकी है। गिरोह के संबंध पाकिस्तानी तस्करों से हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब की अमृतसर पुलिस ने साढ़े तीन किलो हेरोइन के साथ तीन तस्करों काबू किया है। आरोपियों के पास 19 कारतूस भी मिले हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस और असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज करने के बाद अदालत में पेश किया गया। यह पूरा मामला 19 किलो हेरोइन की बरामदगी से जुड़ा है। पिछले दिनों कमिश्नरेट पुलिस ने इस्लामाबाद इलाके से दो युवकों को 19 किलो हेरोइन के साथ काबू कर अमेरिका में बैठे तस्कर मनप्रीत उर्फ मन्नू महावा गिरोह का पर्दाफाश किया था।
इसके बाद पुलिस ने अब तीन किलो हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को जारी की। डीजीपी यादव ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव लाहोरीमल निवासी बलराज सिंह उर्फ काका, रांझे दी हवेली निवासी अनमोल सिंह उर्फ लालू और सरबजीत सिंह के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 3.5 किलो हेरोइन, .30 बोर के 10 और 9एमएम के नौ कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों से एक कार भी बरामद की है। अब तक इस मामले में कुल 22.5 किलो हेरोइन बरामद की जा चुकी है।
पाकिस्तानी तस्करों से सीधे संबंध
एडीसीपी सिटी-3 अभिमन्यु राणा की देखरेख में एसीपी सरबजीत सिंह बाजवा के नेतृत्व में सीआईए-3 की टीम ने नाकेबंदी करने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पाकिस्तान के तस्कर शाह और अमेरिका में रहने वाले मनप्रीत उर्फ मन्नू मुहावा के सीधे संपर्क में थे। आरोपी ड्रोन से नशे की तस्करी करते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों से बरामद हेरोइन की खेप पाकिस्तानी तस्करों ने भेजी थी।
मनप्रीत उर्फ मन्नू मुहावा के दो साथियों को 31 को किया था काबू
एडीसीपी सिटी-3 अभिमन्यु राणा ने बताया कि मनप्रीत उर्फ मन्नू मुहावा के दो साथियों को 31 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने गुरु की वडाली निवासी संदीप सिंह उर्फ लाडी और हेर गांव निवासी रोशन को गिरफ्तार कर उनके पास से 19 किलो हेरोइन, 23 लाख रुपये की ड्रग मनी, सात पिस्तौल, नोट गिनने वाली मशीन, ड्रोन के पार्ट और एक रिमोट बरामद किया था। आरोपियों के कब्जे से एक कार बरामद करने के बाद पुलिस ने इस्लामाबाद थाने में केस दर्ज किया था।