बैंक की लाइन में थी मां, घर में नाबालिग बेटी से हुआ रेप
नोटबंदी के चलते बैंक की लाइन में लगी मां नहीं जानती थी कि घर में अकेली छोड़ कर आई बेटी से रेप हो जाएगा। वारदात हुई, पंजाब के लुधियाना में। युवक ने घर में अकेली नाबालिग के साथ दुराचार किया।
आरोपी ने नाबालिग के घर को अंदर से बंद कर लिया था। पीड़िता का दिव्यांग भाई दूसरे कमरे में था। घटना का पता उस समय चला जब नाबालिग के पिता घर आए। नाबालिग के पिता को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलने के बाद थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर माही के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मंगलवार को सिविल अस्पताल में पीड़ित की मेडिकल जांच कराई गई। जहां से उसके स्वैब जांच के लिए भेज दिए है।
अंदर से बंद था घर का दरवाजा
पीड़ित नाबालिग के पिता की शिकायत के मुताबिक वह कबाड़ का काम करता है। उसकी एक बेटी और एक दिव्यांग बेटा है। सोमवार को वह अपने काम पर गया था तो उसकी पत्नी बैंक चली गई।
इसी दौरान आरोपी उनके घर में घुस गया। आरोपी उनकी बेटी को अलग कमरे में ले गया और उसके साथ दुराचार किया। इसी दौरान वह घर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था।
वह दीवार फांद कर अपने घर में दाखिल हुए तो आरोपी उनकी बेटी के साथ दुराचार कर रहा था। उन्हें देख कर आरोपी वहां से फरार हो गया। नाबालिग के पिता ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी प्रितपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।