एक लाख रुपये रिश्वत लेते पंजाब पुलिस का एसआई गिरफ्तार, ऐसे आया पकड़ में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विजिलेंस ने पंजाब पुलिस के एक एसआई को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया है। एसआई के घर से पिस्तौल और 910 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ है। एसआई ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। लेकिन घर से मिली लाइसेंसी पिस्तौल, मैगजीन व कारतूस केस में नहीं दिखाए थे। जब आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया तो उसने पिस्तौल मांगी तो एसआई ने उससे तीन लाख रुपये मांगे। सौदा दो लाख रुपये में तय हुआ।
विजिलेंस के एसएसपी हरगोबिंद सिंह ने बताया कि उन्हें गुरलाल सिंह निवासी दोधरियां वाली जिला मोगा ने शिकायत दी कि एसएसओसी (काउंटर इंटेलीजेंस) थाना फाजिल्का में तैनात एसआई रजवंत सिंह उससे तीन लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। एसएसपी ने बताया कि एसआई राजवंत सिंह ने दिसंबर 2018 को गुरलाल सिंह के घर पर छापेमारी की थी।
गुरलाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्त के तहत मामला दर्ज किया गया था। छापेमारी के दौरान राजवंत सिंह उसके घर से उसकी लाइसेंसी 32 बोर की पिस्तौल, एक मैगजीन व पांच कारतूस भी लाया था लेकिन केस में पिस्तौल नहीं दिखाई थी। गुरलाल ने कहा कि जमानत पर जेल से बाहर आने पर उसने रजवंत से अपनी लाइसेंसी पिस्तौल मांगी तो रजवंत ने कहा कि पिस्तौल लेने के बदले में उसे तीन लाख रुपये देने होंगे।
गुरलाल ने दो लाख रुपये देना तय किया। गुरलाल बुधवार को फाजिल्का में एसआई रजवंत को एक लाख की पहली किश्त रिश्वत के रूप में देने गया था। जैसे ही गुरलाल ने एसआई रजवंत सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत दी, उसी समय उसे रंगे हाथ काबू कर लिया। उसके बाद जब विजिलेंस टीम ने एसआई रजवंत के घर छापेमारी की तो उसके घर से गुरलाल की लाइसेंसी पिस्तौल, मैगजीन व पांच कारतूस के अलावा 910 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।