दिल्ली का तस्कर पांच किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार, लुधियाना में भी मिली बड़ी कामयाबी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कपूरथला पुलिस ने पांच किलो हेरोइन समेत दिल्ली के तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया तस्कर सुल्तानपुर लोधी के गांव लाटियांवाल और सेंचा के पांच तस्करों को हेरोइन की आपूर्ति करने बस में आया था और सुल्तानपुर लोधी में तस्करों का इंतजार कर रहा था। पहले से इनपुट पर कपूरथला पुलिस ने ट्रेप लगाया हुआ था लेकिन आई-20 कार में आए पांच स्थानीय तस्कर छापे की भनक लगते ही फरार हो गए।
तस्कर ने इस खेप को ब्रांडेड साबुन कंपनी के रैपर में 100-100 ग्राम के दस पैकेट बनाकर सील किया हुआ था। जबकि चार पैकेट किलो-किलो की पैकिंग में थे। थाना सदर में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान कपिल अरोड़ा निवासी महावीर नगर, विकासपुरी, नई दिल्ली के रूप में हुई है। कपिल अपने साथी दीपक कुमार निवासी जे-17 हरि नगर नई दिल्ली के साथ ड्रग रैकेट चला रहा था। इन दोनों के खिलाफ कोई भी आपराधिक केस नहीं है।
डीजीपी पंजाब दिनकर गुप्ता ने बताया कि कपिल नई दिल्ली से एक बस में कपूरथला के लिए निकला था। इनपुट मिलने पर कपूरथला एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने पुलिस फोर्स के साथ सुल्तानपुर लोधी में ट्रैप लगा लिया। इस दौरान कपिल अरोड़ा सुल्तानपुर लोधी में तस्करों को हेरोइन की खेप पहुंचाने का इंतजार कर रहा था।
पुलिस ने जब सभी आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो कार में सवार होकर आए स्थानीय तस्कर फरार हो गए। जबकि कपिल अरोड़ा पकड़ा गया। उसने यह भारी भरकम नशे की खेप राजबीर सिंह, सुखजीवन सिंह, हंसराज, दिलबाग सिंह निवासी गांव लाटियांवाल (सुल्तानपुर लोधी) और लवप्रीत उर्फ लवली निवासी गांव सेंचा (सुल्तानपुर लोधी) को पहुंचानी थी।
डीजीपी ने बताया कि कपिल अरोड़ा ने पिछले एक महीने में छह किलोग्राम हेरोइन की आपूर्ति इन पांच आरोपियों को की है। डीजीपी गुप्ता ने आगे खुलासा किया कि स्पेशल सेल, नई दिल्ली में दिलबाग सिंह के खिलाफ पहले से ही दो, सुखजीवन पर थाना सुल्तानपुर लोधी और स्पेशल सेल नई दिल्ली में दो मामले एनडीपीएस एक्ट के दर्ज हैं। जबकि लवप्रीत सिंह का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उसके पिता गुरचरण सिंह एनडीपीएस मामले में पीओ हैं।
एक किलो हेरोइन और साढ़े सात लाख ड्रग मनी के साथ एक काबू
लुधियाना में हत्या के प्रयास, नशा तस्करी, लूटपाट, चोरी और अवैध हथियार रखने के आरोप में नामजद आरोपी को सीआईए 2 और एंटी नारकोटिक्स विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ताजपुर रोड गीता नगर के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी कार में सवार होकर किसी को नशे की खेप सप्लाई करने के लिए जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलो हेरोइन, साढ़े सात लाख रुपये ड्रग मनी और कार बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में राहों रोड स्थित गोल्डन एवेन्यू कालोनी निवासी धर्मेंद्रपाल सिंह उर्फ टिंकू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस गगनजीत सिंह ने बताया कि दोनों विभागों की ज्वाइंट टीम ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी नशा तस्करी के लिए अपनी गाड़ी लेकर आ रहा है। उसके पास भारी मात्रा में हेरोइन की खेप है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग के दौरान उसके कब्जे से हेरोइन और ड्रग मनी बरामद कर ली गई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी के खिलाफ शहर के अलग-अलग दस थानों में दस के करीब हत्या के प्रयास, लूटपाट, नशा तस्करी, चोरी, डकैती और अवैध हथियार रखने के आरोप में मामले दर्ज है। आरोपी को कई मामलों में अदालत की ओर से भगोड़ा करार दिया जा चुका है। आरोपी पुलिस से छिप कर किराए के मकान में रह रहा था और नशा तस्करी का धंधा करता था। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी नशीला पदार्थ बॉर्डर एरिया से लाकर शहर में सप्लाई करता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
वहीं थाना डिविजन तीन की पुलिस ने करण कुमार उर्फ मोमबत्ती को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को ईसा नगरी पुली के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के दौरान पता चला कि वह बाहरी इलाकों से हेरोइन की खेप लाकर भी महानगर में सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी भी नशा करने का आदी है।