रोहतक रेपकांड: ताजा खुलासा सन्न कर देगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेपाली युवती से दरिंदगी के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ये खुलासा आपको सन्न कर देगा। आरोपियों ने उसके साथ गद्दी खेड़ी गांव के खेतों में बने दो अलग-अलग कमरों में गैंगरेप किया।
एक कमरे में कई घंटे नोचने के बाद एक बार तो आरोपियों ने उसे हाथ पकड़कर शहर की तरफ रवाना कर दिया था। मंदबुद्धि युवती किसी तरह गिरती-पड़ती खेतों से होते हुए हाईवे की ओर बढ़ी भी, लेकिन दरिंदों ने पीछा कर उसे फिर घेर लिया। इस बार आरोपी उसे पहले वाले कमरे से थोड़ी दूर हाईवे किनारे बने दो मंजिला कोठड़े में ले गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी के दो दिन बाद भी घटनास्थल पर मौजूद कुछ साक्ष्य वहां हुए वहशीपन की दास्तां चीख चीख कर बता रहे हैं। पुलिस ने दोनों घटनास्थल कब्जे में ले लिए हैं और गारद तैनात कर दी है।
दो कमरों में सारी रात हैवानियत का खेल
नेपाली मूल की युवती से इंसानियत को शर्मसार करने वाली हरकत भले ही नहर किनारे बने बहुअकबरपुर गांव के खेतों में की गई हो, लेकिन यहां से करीब ढाई किलोमीटर पहले (रोहतक की ओर) गद्दी खेड़ी गांव के खेतों में बने दो कमरों में सारी रात हैवानियत का खेल खेला गया। रिमांड पर लिए गद्दी खेड़ी गांव के आठों आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ है। खुलासा होने के बाद इन स्थानों की निशानदेही भी कराई गई है।
ऐसी जगह ले गए आरोपी, जहां पहुंचना भी मुश्किल
सूत्रों के अनुसार बदमाश उसे गद्दी खेड़ी गांव के खेतों के बीचोंबीच बने ऐसे कमरे में ले गए, जहां दूर दूर तक किसी की आवाज नहीं जा सकती। इस कमरे तक जाने वाला रास्ता भी अलग सा ही है। ईख के खेतों के साथ संकरी पगडंडी से होकर रात को अनजान आदमी का यहां पहुंच पाना असंभव है। यहां रात को कोई नहीं रहता।
इस कमरे में युवती के साथ सामूहिक दुराचार किया गया। यहां से एक बार तो आरोपियों ने उसे रोड की ओर छोड़ दिया था। किसी तरह बदहवास हालत में गिरते पड़ते युवती वहां से निकल भी गई, लेकिन थोड़ी ही दूरी पर दरिंदों ने उसे फिर घेर लिया। यहां से चंद कदम दूर हाईवे के पास बने दो मंजिला कमरे में ले गए और दुराचार किया।
फंसने के डर से ठिकाने लगाने ले गए नहर किनारे
दोनों जगह पर दुराचार के बाद युवती को छोड़ने के बाद आरोपियों को लगा कि इसने किसी को बता दिया तो सारे फंस जाएंगे। इसके बाद यहां से आरोपी उसे ड्रेन नंबर 8 (हिसार की ओर) ले गए और वहां जाकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं दरिंदगी के आरोपियों ने उसके शरीर में पत्थर और कंडोम के पैकेट तक डाल दिए।
साक्ष्यों की सुरक्षा में गारद तैनात
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों कमरों को कब्जे में ले लिया है और वहां बचे हुए साक्ष्यों की निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस बल को तीन प्वाइंट्स पर तैनात किया गया है ताकि साक्ष्यों तक कोई न पहुंच सके।
वहीं, सूत्रों की मानें तो आरोपियों को पकड़े जाने से पहले कई दिनों तक साक्ष्यों को खुर्द-बुर्द करने का मौका मिल गया था तो उन्होंने एक कमरे से साक्ष्यों को मिटा भी दिया।
शाम तक नहीं पहुंची एफएसएल टीम
बुधवार सुबह ही इस बात को लेकर चर्चा थी कि मधुबन से आने वाली टीम मौके पर पहुंचकर फुट प्रिंट, फिंगर प्रिंट, मौके से दुराचार के साक्ष्यों समेत अन्य साक्ष्यों को जुटाएगी। लेकिन, टीम देर शाम तक यहां नहीं पहुंची थी। ऐसे में पुलिस की टीम सुबह से लेकर देर रात तक वहां डटी रही।