दिन-दहाड़े कैशियर पर पिस्तौल तान बैंक में 14.40 लाख की डकैती, पांच नकाबपोश बदमाशों ने की वारदात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भिवानी जिले के गांव चांग में दिन-दहाड़े पांच नकाबपोश बदमाशों ने पीएनबी की शाखा में 14.40 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया। बदमाशों ने गार्ड से बंदूक छिनकर दूर फेंकी और उसके पांव के पास फायर किया। इसके बाद उपभोक्ताओं को नीचे बैठाया और कैशियर पर पिस्तौल तान उससे 14.40 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए।
बदमाश बाइकों से आए थे और बाइकों से ही महम रोड की ओर फरार हो गए। सूचना के बाद गुजरानी चौकी, सदर थाना पुलिस के अलावा साइबर सेल, सीआईए, एंटी व्हीकल थेफ्ट की टीम भी पहुंची। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया स्वयं भी मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी दी। वारदात के बाद रोहतक, हिसार पुलिस से संपर्क कर नाकेबंदी भी करवाई गई। पुलिस बदमाशों की धर-पकड़ के लिए छापा मार रही है।
मामला सुबह करीब 11:18 मिनट का है। चांग गांव में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा को बदमाशों ने निशाना बनाया। पांच बदमाश बाइकों से बैंक पहुंचे। एक बाहर खड़ा रहा और चार अंदर गए। अंदर गए चारों बदमाश अपना चेहरा ढके हुए थे। एक ने मंकी कैप पहन रखा था तो तीन चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए थे।
बदमाशों ने पहले गार्ड बलवान को पकड़ा। उसकी बंदूक नीचे फेंकी और उसके पांव के पास फायर किया। बलवान गोली से बचने के लिए पीछे हो गया। इसके बाद बैंक में हड़कंप मच गया। दो बदमाश सीधे अकाउंटेंट महेंद्र के केबिन में पहुंचे और वहां अकाउंटेंट को पिस्तौल दिखा बाहर निकाला। इसके बाद वहां से करीब 14.40 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। बैंक मैनेजर राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह बैंक में नहीं थे मगर कुल पांच बदमाश थे। एक बाहर रहा और चार अंदर आए। सभी हथियार लिए हुए थे। बैंक से करीब साढ़े 14 लाख रुपये ले गए।
पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। नाकेबंदी की गई है। सीमावर्ती जिलों की पुलिस की भी मदद ली जा रही है। प्राथमिक जांच में करीब 14 लाख रुपये लूटने की बात सामने आई है। हमारी टीमें जांच में जुटी है। सीसीटीवी का अवलोकन किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।