गनप्वाइंट पर प्रिंसिपल की कार ले उड़े 3 स्कूली बच्चे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी स्कूल परिसर से दिनदहाड़े तीन पूर्व स्कूली छात्र पिस्तौल दिखाकर प्राचार्य की कार छीन ले गए। जिस समय यह वारदात हुई, स्कूल में सैकड़ों विद्यार्थी और अध्यापक मौजूद थे। घटना हरियाणा के जुलाना के गांव शामलो कलां की है।
सूचना पर जुलाना पुलिस स्कूल पहुंची। पुलिस ने वायरलेस कर क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी। प्राचार्य ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। घटना के करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने कार को बरामद कर लिया। वहीं, आरोपी युवक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामलो कलां गांव के प्राचार्य सुरेश जोजवान ने बताया कि बृहस्पतिवार को अपनी कार से स्कूल गए थे। सुबह विद्यार्थी स्कूल परिसर में परेड कर रहे थे। वह कार्यालय के बाहर डालकर बैठे थे तभी एक युवक आया और उसने कार की चाबी मांगी। युवक ने कहा कि मै आपकी कार दो बजे तक कार लौटा दूंगा।
प्राचार्य ने युवक को कार देने से इंकार कर दिया। इसके बाद दो और युवक आए। उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकालकर कनपटी पर लगा दी और दूसरे युवक ने जेब में पड़ी कार की चाबी निकाली ली। शोर करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए तीनों युवक कार लेकर फरार हो गए।
तीन घंटें में पुलिस ने बरामद की कार
पुलिस को दी शिकायत में प्राचार्य ने आरोप लगाया कि स्कूल में शामलो कलां गांव का मनजीत पढ़ता था। स्कूल नहीं आने के कारण उसका नाम काट दिया गया था। इस घटना में मनजीत व उसके दो साथी थे।
दिनदहाड़े सरकारी स्कूल में प्राचार्य को पिस्तौल दिखाकर कार लूट की वारदात से विद्यार्थी सहमे हुए थे। विद्यार्थियों के चेहरे पर खौफ साफ दिखाई दे रहा था। युवकों के दुस्साहस से साफ जाहिर है कि उनमें पुलिस का कोई खौफ नहीं था।
प्राचार्य से कार लूट की सूचना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। घटना के तीन घंटे के बाद ही पुलिस ने शामलो कलां गांव के नजदीक से कार बरामद कर ली।
जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल पहुंच गई थी। प्राचार्य सुरेश की शिकायत पर शामलो कलां गांव के मनजीत व उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शामलो कलां गांव के नजदीक से लूटी गई कार बरामद कर ली है।