'कांस्टेबल ने एक रात में 80 बार किया कॉल, रेस्तरां मालिक ने नहीं उठाया, तंग आकर कर ली खुदकुशी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लुधियाना के बीचों बीच स्थित थाना डिवीजन तीन के सामने क्वालिटी हाउस रेस्तरां के मालिक गगनदीप सिंह उर्फ देव (30) ने एक कांस्टेबल से तंग आकर जान दे दी। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन तीन की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने मृतक के कब्जे से सुसाइड नोट बरामद किया। जिसमें देव ने सिर्फ तीन लाइनों में लिखा है कि पुलिसकर्मी उससे पचास लाख रुपये मांगता था। नहीं देने पर उसे धमकियां मिलती थी। उसकी मौत का जिम्मेदार कांस्टेबल और कपूर स्कूटर वाला है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देव के पिता अमरजीत सिंह ने बताया कि रेस्तरां के पीछे ही उनका घर है। लॉकडाउन की वजह से इस समय रेस्तरां बंद है। थाना डिवीजन तीन में तैनात एक कांस्टेबल की देव के साथ दोस्ती थी। कांस्टेबल का परिवार विदेश में है। देव को भी कांस्टेबल विदेश में जाकर बसने के लिए बोलता था।
कांस्टेबल ने देव से पचास लाख रुपये की मांग की ताकि वह उसे विदेश भेज सके। देव ने उसे लॉकडाउन खत्म होने तक रुकने को कहा था। देव के घर इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। अमरजीत सिंह ने बताया कि वह और उनका छोटा बेटा रात को थाना डिवीजन तीन गए थे। वहां अधिकारियों से बात की थी और कांस्टेबल को उनके घर के मामलों में दखल न देने की बात की थी।
अमरजीत सिंह ने बताया कि देर रात को कांस्टेबल और एक अन्य व्यक्ति देव को थाने के बाहर ले जाकर बात कर रहे थे। वहां से घर आने के बाद देव परेशान था। पुलिस मुलाजिम ने देर रात से लेकर सुबह छह बजे तक देव को करीब 80 बार फोन किया लेकिन देव ने नहीं उठाया। सुबह नाश्ता करने के बाद देव अपने कमरे में चला गया। उसने कमरे में जाकर पत्नी के दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी।
जब पत्नी उसे बुलाने कमरे में गई तो अंदर शव लटकता देख उसने शोर मचाया। इसके बाद उसे सीएमसी ले गए और वहां मृत घोषित कर दिया गया। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि लॉकडाउन के बाद से थाने में रेस्त्ररां से खाना आ रहा था। इससे भी देव परेशान था।