पांच बैंकों में डकैती के दो आरोपी गिरफ्तार, चार वाहन, नगदी और पिस्टल भी बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच बैंकों में डकैती के आरोप में एक गैंग के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है। गैंग के सरगना समेत चार आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों से वारदातों में इस्तेमाल हथियार, वाहन और कैश बरामद कर लिया है। पुलिस ने दावा किया है उक्त गैंग के लुटेरों ने अब तक पांच बैंकों से 60 लाख 39 हजार रुपये लूटे हैं। दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।
सोमवार को आईजी बॉर्डर रेंज एसपीएस परमार ने बताया कि वर्ष 2018 में बटाला, अमृतसर देहात, तरनतारन और होशियारपुर में बैंक डकैतियां हुई थीं। उन्हें ट्रेस करने के बाद अब सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि 10 मार्च को एसआई सुखविंदर सिंह, एसआई दलजीत सिंह स्पेशल ब्रांच बटाला समेत पुलिस पार्टी और एएसआई विजय कुमार चौकी इंचार्ज शेखूपुरा बटाला-अमृतसर हाईवे अड्डा घसीटपुरा में उपस्थित थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शुभम निवासी अमृतसर ने अपना एक गैंग बनाया हुआ है। उसमें हरविंदर सिंह उर्फ मन्नु निवासी गांव राजेके महमेचक, अरुण छुरीमार निवासी गुजरपुरा, हरचरन सिंह बाजवा निवासी गांव सेखवां, जगमीत सिंह उर्फ जग्गी पहलवान निवासी भागोवाल और रवि बलाचोरिया उर्फ गुज्जर निवासी गढ़शंकर शामिल हैं। यह सभी अपने पास अवैध असलाह रखते हैं। रात में इकट्ठा होकर हाईवे से लोगों को डरा धमकाकर उनकी कारें छीनते हैं। वह बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलने पर पुलिस चौकन्ना हो गई।
आरोपियों को पकड़ने के लिए डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां की निगरानी में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी की तो बताए गए छह आरोपियों में दो को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों की पहचान हरचरण सिंह निवासी गांव सेखवां बटाला और जगमीत सिंह उर्फ जग्गी पहलवान निवासी गांव भागोवाल, बटाला के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों से 2 पिस्टल 32 बोर, 3 मैगजीन, 10 रौंद, 2 लाख 26 हजार की नकद राशि, 1 कमानीदार चाकू, 1 स्विफ्ट डिजायर कार, एक एक्टिवा बरामद हुई है। हालांकि मुख्य आरोपी शुभम समेत हरविंदर सिंह, अरुण और रवि पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही यह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। प्रेसवार्ता में एसएसपी बटाला उपिंदरजीत सिंह घुम्मण, डीएसपी परविंदर कौर भी मौजूद रहीं।
इन बैंकों से आरोपियों ने पैसे लूटे
1. 30 जुलाई 2018 को पंजाब नेशनल बैंक अड्डा कोट फतूही जिला होशियारपुर से 9 लाख 60 हजार
2. 24 अगस्त 2018 को आईडीबीआई बैंक गांव जैतोसर्जा बटाला से 23 लाख 93 हजार।
3. 24 अगस्त 2018 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सरहाली जिला तरनतारन से 3 लाख 70 हजार ।
4. 30 नवंबर 2018 को पंजाब नेशनल बैंक अड्डा बस्सी दोलत खां जिला होशियारपुर से 11 लाख 62 हजार ।
5. 12 दिसंबर 2018 को एक्सिस बैंक अड्डा खुजाला जिला अमृतसर से 11 लाख 54 हजार ।