हेरोइन के बदले जासूसी का खेल: कारगिल व अनंतनाग से सेना के दो जवान गिरफ्तार, आईएसआई की बड़ी साजिश का खुलासा
पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी आईएसआई को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। यह एजेंसी पंजाब में नई साजिश रच रही है। आईएसआई भारतीय तस्करों से हेरोइन के बदले राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेज मांग रही है। पंजाब के जालंधर में एक तस्कर से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब की जालंधर पुलिस ने भारतीय सेना के दो जवानों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये जवान पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी आईएसआई को सुरक्षा दस्तावेज भेज रहे थे। इसका खुलासा तब हुआ, जब जालंधर पुलिस ने हेरोइन समेत पकड़े गए एक ड्रग तस्कर से पूछताछ की। इन्हीं के जरिए पुलिस अनंतनाग व कारगिल में तैनात इन सैनिकों तक पहुंची। जिसके बाद आर्मी ने दोनों को जालंधर देहात पुलिस के हवाले कर दिया है।
शुरुआती जांच में पता चला कि इन्होंने फरवरी से मई तक यानि सिर्फ चार महीने में रक्षा व राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े 900 से ज्यादा गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तानी एजेंसी को मुहैया कराए हैं। पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि जालंधर देहात पुलिस के एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लो की टीम ने रणवीर सिंह नामक तस्कर को 70 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। केस की निगरानी एसएसपी नवीन सिंगला कर रहे थे।
तस्कर रणवीर सिंह से पुलिस कस्टडी में पूछताछ हुई तो पता चला कि उसके पाकिस्तान खुफिया एजेंसी के साथ गहरे रिश्ते हैं और वह भारतीय सुरक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तान भेजता है। एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लो और एसएसपी नवीन सिंगला ने पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया और तस्कर रणवीर सिंह से पूछताछ के दौरान सामने आया कि गोपनीय दस्तावेज उसे अनंतनाग में तैनात सिपाही हरप्रीत सिंह से मिले। हरप्रीत सिंह और रणवीर अमृतसर के चीचा गांव के रहने वाले हैं।
हरप्रीत 2017 में 19 राष्ट्रीय राइफल्स में भर्ती हुआ था। एक ही गांव के होने की वजह से उनमें दोस्ती थी। जिसके बाद उसने सिपाही हरप्रीत को लालच देकर इस काम के लिए राजी कर लिया। जिसके बाद हरप्रीत ने सिपाही गुरभेज सिंह को भी पाकिस्तानी जासूसी के खेल में शामिल कर लिया।
गुरभेज सिंह तरनतारन के पुन्नियां गांव का रहने वाला है। 18 सिख लाइट इन्फेंट्री में तैनात गुरभेज कारगिल में क्लर्क के पद पर है। उसने सेना 2015 में ज्वाइन की थी। वहीं से उसे आसानी से राष्ट्रीय सुरक्षा व रक्षा से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध हो जाते थे।
कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई
रणवीर से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक और तस्कर गोपी को गिरफ्तार किया। गोपी ने सनसनीखेज खुलासा किया कि भारतीय सुरक्षा के गोपनीय दस्तावेज उसने सीमा पार पाकिस्तान में बैठे तस्करों को उपलब्ध कराया जिसके बदले वह हेरोइन भेजते हैं। जिनमें से एक की पहचान कोठार के रूप में हुई जबकि दूसरा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट सिकंदर निकला।
दोनों पाक एजेंट रणवीर सिंह व गोपी को पैसे व हेरोइन भेजते थे और बदले में सुरक्षा के दस्तावेज लेते थे। यह सारे दस्तावेज इनक्रिप्टेड एप के जरिए भेजे गए। रणवीर ने गोपनीय दस्तावेज के बदले भारतीय सेना के जवान हरप्रीत को रुपये दिए जबकि उसने आगे गुरभेज के अकाउंट में ट्रांसफर किए।
कितनी राशि भारतीय सेना के जवान ले चुके थे, यह जानकारी की जा रही है। एसएसपी नवीन सिंगला ने बताया कि दोनों सैनिकों को सेना ने पुलिस के हवाले कर दिया है। अब उनसे पूछताछ की जा रही है कि उनके साथ कोई और तो नहीं मिला हुआ है। उनके खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस की जांच जारी है।