करनाल: फार्म हाउस से बुलाकर दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर की हत्या, कार सवारों ने मारी पांच गोलियां
- मूनक रोड स्थित फार्म हाउस से बाहर बुलाकर बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम।
- मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच पड़ताल।
- चंडीगढ़ में रहता था बिजेंद्र, कभी कभी आता था गांव, अभी तक नहीं की थी शादी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मूनक रोड घोघड़पुर अड्डे पर कार सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े करीब 11 बजे एक प्रॉपर्टी डीलर को उसके फार्म हाउस से बाहर बुलाकर गोली मार दी। हत्या के इरादे से पहुंचे बदमाशों ने एक के बाद एक पांच गोलियां मारी। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर ने भागकर जान बचाने की भी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सका और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार बदमाश इत्मीनान से मूनक गांव की ओर फरार हो गये। मृतक के भतीजे रणदीप की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भतीजे रणदीप ने बताया कि उसके चाचा बिजेंद्र (48) की शादी नहीं हुई थी। वह चंडीगढ़ में रहते थे। प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे और कभी कभी गांव में आते थे। गांव में अधिकतर समय वह मूनक रोड स्थित अपने फार्म हाउस पर ही रहते थे। सुबह करीब 11 बजे उसे सूचना मिली की उसके चाचा बिजेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।
उनका शव सड़क पर पड़ा है। लोगों ने बताया कि कार में सवार होकर कुछ लोग आये थे जिन्होंने बिजेंद्र को गोली मारी है। रणदीप ने बताया कि उसके चाचा फार्म हाउस के समीप डेढ़ एकड़ जमीन में प्लाट काटना चाहता था, हालांकि चाचा का किसी से कोई विवाद नहीं था। इससे पहले सूचना पर करीब आधे घंटे बाद मधुबन थाना प्रभारी, सदर थाना प्रभारी, डीएसपी घरौंडा व डीएसपी हेडक्वार्टर विरेंद्र सैनी मौके पर पहुंचे। साथ में सीआईए-1 व 2 की टीम भी मौके पर पहुंची।
इसके बाद वीटी कराई गई और एफएसएल टीम बुलाई गई। सभी टीम ने मौके पर जांच की। वहां गोली के दो खोखे मिले। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौका मुआयना कर लोगों से पूछताछ की गयी है। हत्या के पीछे अभी वजह सामने नहीं आयी है, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले की खुलासा कर दिया जाएगा।
मृतक के भतीजे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर लिया है। सीआईए सहित चार टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जायेगा। रामदत्त, डीएसपी घरौंडा।