जेलों की व्यवस्था धड़ाम: दो दिन में पंजाब की तीन जेलों में भिड़े कैदी, चार घायल, एक का दांत से कान काटा
शनिवार को गुरदासपुर केंद्रीय जेल की कैंटीन में कैदियों के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल कैदी को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देख अमृतसर रेफर कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब की जेलों में कैदियों की बीच अब झड़प की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। गुरदासपुर के बाद अब बठिंडा और फिरोजपुर की जेलों में झड़प की खबर है। शनिवार को गुरदासपुर केंद्रीय जेल में कैदियों में झड़प हुई थी। इस घटना में एक कैदी गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज अमृतसर में चल रहा है। अब बठिंडा जेल में तीन हवालाती भिड़ गए। एक कैदी ने दूसरे का कान दांत से काट लिया।
बठिंडा थाना कैंट पुलिस ने जेल अधिकारी के बयान पर हवालाती कुलदीप सिंह, रोहित कुमार, संकेत कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। जेल अधिकारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि जेल में बंद हवालाती कुलदीप सिंह, रोहित कुमार, संकेत कुमार किसी बात पर आपस में झगड़ने लगे। झगडे़ में रोहित कुमार के कान को दूसरे हवालाती ने दांत से काट दिया था। इसके बाद जेल सुरक्षाकर्मी घायल हवालाती का उपचार करवाने सिविल अस्पताल पहुंचे। रोहित के कान में पांच टांके लगे हैं। इस मामले में हवालाती रोहित ने भी पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है। थाना कैंट के एएसआई बलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने जेल अधिकारी के बयान पर तीनों हवालातियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिरोजपुर: जेल की हाई सिक्योरिटी जोन में भिड़े गैंगस्टर, दो घायल
उधर, फिरोजपुर केंद्रीय जेल की हाई सिक्योरिटी जोन में पुरानी रंजिश में गैंगस्टर भिड़ गए। इस वारदात में एक हवालाती व एक कैदी जख्मी है। इनके सिर व नाक पर ज्यादा चोट आई है। दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया है। थाना सिटी पुलिस ने रविवार को पीड़ितों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित हवालाती अमित कुमार निवासी अमृतसर ने पुलिस को बताया कि वह जेल की हाई सिक्योरिटी जोन में बंद है। इस दौरान कई बंदी अकेले कैदी गैंगस्टर हरप्रीत सिंह निवासी अमृतसर से मारपीट कर रहे थे। जब वह छुड़वाने गया तो आरोपियों ने उसे भी बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया। दोनों के सिर व नाक पर चोट आई है। दोनों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया है।
थाना सिटी प्रभारी का कहना है कि जेल के हाई सिक्योरिटी जोन में पुरानी रंजिश में गैंगस्टर आपस में भिड़ गए। उक्त वारदात में बंदी अमित और हरप्रीत जख्मी हैं। इन पर कई केस दर्ज हैं। दोनों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ितों के बयान लिख कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
गुरदासपुर: कैदियों के दो गुट भिड़े, एक गंभीर घायल
शनिवार को गुरदासपुर केंद्रीय जेल की कैंटीन में कैदियों के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल कैदी को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देख अमृतसर रेफर कर दिया। घायल कैदी की पहचान सेवक सिंह निवासी गांव जौड़ा छत्तरां के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सेवक सिंह पर जेल में बंद कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने स्थिति को संभाला और घायल सेवक सिंह को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। कैदी की पीठ और पेट में नुकीली चीज से हमला किया गया है। जेल उपाधीक्षक नवकीरत सिंह का कहना है कि जेल में बंद दोनों पक्षों के लोगों ने जेल की बैरक में नहीं बल्कि कैंटीन में जाकर किसी बात पर झगड़ा किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।