42 लाख रुपये की लूट का मामला: चार टीमें चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब में बदमाशों की तलाश में जुटीं, जल्द हो सकता बड़ा खुलासा
एसपी (देहात) की अगुवाई में पुलिस की चार टीमें चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब में बदमाशों की तलाश कर रही हैं। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बठिंडा के हनुमान चौक पर स्थित एक होटल में पुलिस की वर्दी पहनकर होटल में घुसकर 42 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। पुलिस की चार टीमें पंजाब समेत चंडीगढ़ में बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। बता दें कि शनिवार को यहां स्थित होटल के एक कमरे में रुके गुरप्रीत सिंह निवासी पटियाला और निशान सिंह निवासी लुधियाना से बदमाश 42 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
वारदात में कुल चार बदमाश शामिल थे। इनमें से दो ने पुलिस की वर्दी पहनी थी और दो सिविल कपड़ों में थे। चारों बदमाश जब होटल में घुसे तो उन्होंने खुद को सीआईए स्टाफ बताया। लूट की इतनी बड़ी वारदात के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस और सीआईए स्टाफ समेत डीएसपी और एसपी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लिया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चारों पहले एक कमरे में घुसे और बैग लेकर बाहर आ गए। इसके बाद वह दूसरे कमरे से एक युवक को बाहर निकालते हैं। पुलिस की वर्दी पहने दो बदमाश पैसों से भरा बैग लेकर आगे चलते हैं और दो आरोपी होटल में रुके दोनों पीड़ितों को साथ लेकर चलते दिखाई दे रहे हैं।
वारदात के बाद बदमाश पीड़ितों को साथ ले गए और मलोट रोड पर छोड़कर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ितों ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों से प्राथमिक पूछताछ की। गुरप्रीत सिंह निवासी पटियाला ने बताया कि उसने 42 लाख रुपये अमृतसर निवासी लक्की को देने थे। लुधियाना निवासी निशान सिंह यह रकम लेने होटल में पहुंचा था।
शनिवार सुबह दो शख्स पुलिस की वर्दी में और दो सिविल कपड़ों में उनके कमरे में आए और रुपयों के बैग समेत दोनों को भी साथ ले गए। बदमाशों ने उन्हें धमकी देने के बाद मलोट रोड पर छोड़ दिया था। एसएसपी जे इलेनचेजियन ने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर लिया है। एसपी (देहात) की अगुवाई में पुलिस की चार टीमें चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब में बदमाशों की तलाश कर रही हैं। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।
सूत्रों के मुताबिक जिन चार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया, वह अमृतसर या लुधियाना से जुडे़ हो सकते हैं। इसके चलते पुलिस टीमें लुधियाना, अमृतसर और पटियाला में भी जांच कर रही हैं। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने तीनों जिलों से जुड़े पीड़ितों गुरप्रीत सिंह, लक्की, निशान सिंह से पूछताछ की है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासे करेगी।