करोड़ों की ठगी: CCL की टीम 'भोजपुरी दबंग्स' का मालिक गिरफ्तार, मैच शुरू होने से पहले पुलिस ने होटल से उठाया
आरोपी ने पीड़ित को एक एयरलाइंस कंपनी में 10.15 प्रतिशत शेयर का झांसा देकर फंसाया था। पुलिस ने आरोपी को 11 मार्च को राजस्थान के जोधपुर से सीसीएल के एक मैच शुरू होने से पहले होटल के कमरे से गिरफ्तार किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (सीसीएल) में शामिल भोजपुरी दबंग्स क्रिकेट टीम के मालिक आनंद बिहारी यादव को मोहाली पुलिस ने 4.15 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को 11 मार्च को जोधपुर (राजस्थान) में सीसीएल के एक मैच से पहले होटल के कमरे से पकड़ा गया। आनंद का दो दिन का रिमांड खत्म होने पर उसे मंगलवार को मोहाली जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
मोहाली पुलिस को बीते वर्ष 12 सितंबर को डाक से एक पत्र मिला था। पत्र भेजने वाले ढकोली निवासी मुक्तेश देवन ने मोहाली के तत्कालीन एसएसपी डॉ. विवेकशील सोनी को बताया था कि वाराणसी (उत्तर प्रदेश) निवासी आनंद बिहारी यादव उनसे अविका एयरलाइंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक के तौर पर मिला था। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती हो गई। इस दौरान दोनों में साथ मिलकर व्यवसाय करने की बात हुई। यादव ने अविका एयरलाइंस में 10.15 प्रतिशत की हिस्सेदारी देकर मुक्तेश को कंपनी का निदेशक बना दिया। कुछ दिनों बाद उसने कंपनी के वित्तीय घाटे में होने की बात कहकर कुछ और रकम कंपनी में लगाने की बात कही।
मुक्तेश का आरोप है कि उन्होंने पारिवारिक सदस्यों से कर्ज लेकर अलग-अलग समय पर कुल 4.15 करोड़ रुपये उसे दिए लेकिन आरोपी ने इन पैसों का इस्तेमाल कंपनी में न कर व्यक्तिगत तौर पर कर लिया। जब इन्हें इसकी भनक लगी तो उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा लेकिन आरोपी ने अपने रसूख का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ ही कई प्रदेशों में केस दर्ज करवा दिया। मोहाली पुलिस ने मामले की जांच के बाद मुक्तेश दीवान की शिकायत पर आरोपी आनंद बिहारी यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित ने रिश्तेदारों से लिया था कर्ज
मुक्तेश के मुताबिक, एयरलाइंस कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने के लिए उन्होंने अपने रिश्तेदारों से कर्ज लिया था। इसमें 10 फरवरी 2022 को 1.90 करोड़ का कर्ज लेने के अलावा अनुराधा देवन से 11.20 लाख रुपये कर्ज लिया था। यह कर्ज सोना, वाहन और व्यक्तिगत कर्ज के रूप में लिया गया था जिसका ब्याज 14 हजार रुपये महीना था। सुरभि देवन से भी 18 हजार रुपये मासिक ब्याज पर नौ लाख रुपये का कर्ज लिया था। मार्च 2022 में राजेश देवन और गिरीश से 2.02 करोड़ रुपये का कर्ज 7.83 लाख रुपये मासिक ब्याज पर उठाया था। राजेश देवन से बिना ब्याज के ढाई लाख रुपये भी लिए गए थे। गिरीश से भी एक लाख रुपये बिना ब्याज के लेकर आरोपी को दिए थे।
पैसे मांगने पर दी परिवार को मारने की धमकी
जब मुक्तेश ने आरोपी से पैसे मांगने की कोशिश की तो आरोपी ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। उसने कहा था कि स्थानीय पुलिस, प्रशासन और कई दबंगों से उसके संपर्क हैं। अगर उसने कोई गलत हरकत की तो वह उसे परिवार सहित खत्म कर देगा। पीड़ित मुक्तेश ने बताया कि एक बार उन्होंने किसी जानकार के जरिए समझौते की बात भी चलाई जिसमें पैसे देने के लिए तैयार हो गया था। इसके लिए एक लिखित समझौता भी तैयार हुआ था। उस समय आरोपी ने कुछ बैंक चेक पीड़ित और उनके रिश्तेदारों के नाम पर आगे की तारीखों में जारी किए थे लेकिन बाद में वादे से मुकर गया था और दोबारा से जान से मारने की धमकी दी थी।
पीड़ित ने की परिवार की सुरक्षा की मांग
पीड़ित मुक्तेश देवन ने बताया कि आरोपी के संबंध कई राजनीतिक पार्टियों और गुंडों के साथ हैं। वह कई बार परिवार को मारने की धमकी दे चुका है इसलिए उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा के साथ न्याय की गुहार लगाई है।
सांसद मनोज तिवारी हैं भोजपुरी दबंग्स के कप्तान
सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (सीसीएल) खेलनी वाली भोजपुरी दबंग्स क्रिकेट टीम में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई नामी चेहरे शामिल हैं। सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी इस टीम के कप्तान हैं जबकि सांसद रवि किशन समेत कई कलाकार इस टीम का हिस्सा रहे हैं।