खुंखार कुत्तों ने नोच खाया जिंदा आदमी!
देर रात घर लौट रहे अधेड़ को खुंखार कुत्तों ने नोच खाया। घटना हरियाणा के गुहला चीका की है। गांव अगौन्ध में रविवार रात को संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खूंखार हुए कुत्तों ने इस व्यक्ति को नोच खाया। जिस कारण उसकी मौत हो गई। रात भर बरसात के कारण गांव के लोग भी उसकी चीखपुकार नहीं सुन पाए। गांव के लोगों ने बिना पोस्टमार्टम करवाए ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव वासियों के अनुसार दिन में मजदूरी करके रात को शराब के नशे में धुत्त रहने वाला दिलबाग सिंह अक्सर गांव के बाहर बने बाबा लालपुरी डेरे में चला जाता था। गांव वालों का अनुमान है कि देर रात के समय जब वह डेरे से गांव की ओर लौट रहा था तो आवारा कुत्तों के हुजूम ने उस पर हमला बोल दिया।
कच्चे रस्ते पर भागने की कोशिश में उसका पांव फिसल गया और वह खेतों को पानी देने के लिए बनाए खाल में गिर गया। गांव वालों के अनुसार दिलबाग सिंह जरूर चीखा चिल्लाया भी होगा पर एक तो गांव से काफी दूर होने तथा दूसरे सारी रात होती बरसात के कारण उसकी चीखों का शोर कोई नहीं सुन पाया।
सुबह लोगों ने क्षत-विक्षत शव देखा
गांव वासी मोहन सिंह राणा ने बताया कि सुबह उजाले में लोगों ने खाल में पड़े दिलबाग का क्षत-विक्षत शव देखा। जिसकी एक टांग, छाती व मुंह का काफी बड़ा हिस्सा कुत्ते नोचकर खा चुके थे।
सुबह तक भी कुत्तों का हुजूम उसके शव को उधेड़ने में लगा हुआ लेकिन गांव वालों ने कुत्तों को भगाकर लाश को संभाला और गांव की शमशानघाट में जाकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जाता है कि पचास साल से अधिक उम्र का मृतक दिलबाग सिंह अविवाहित था तथा घर में अकेला था।
गांव की पंचायत के सदस्य राजपाल सिंह ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की तादाद बहुत ज्यादा हो चुकी है। लेकिन कुत्तों पर अंकुश का इंतजाम कोई नहीं है। पहले सरकारी लोग गांवों में आते थे। इन कुत्तों को कोई जहरीली चीज देकर मार देते थे और इनकी संख्या कम हो जाती थी।
राजपाल ने कहा कि अब सरकारी कानून ये है कि बंदे बेशक मरते रहें लेकिन कुत्तों का कुछ नहीं बिगड़ना चाहिए। ये कुत्ते आए दिन आते जाते लोगों पर हमला बोल देते हैं। ग्राम पंचायत ने इन कुत्तों पर अंकुश के लिए कदम उठाने की मांग की है।