कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी को मार डाला
पंजाब के फिरोजपुर के जलालाबाद थाना सदर के अंतर्गत पड़ती ढाणी प्रेम सिंह वाला में वीरवार रात को एक व्यक्ति ने अपने मां-बाप और दो भाइयों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से वारकर पत्नी की हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही डीएसपी अजमेर सिंह बाठ पुलिस पार्टी समेत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर उसके पिता समेत दादा-दादी और दो चाचा पर मामला दर्ज किया है।
सभी आरोपी फरार हैं। मृतक शीलो बाई (48) के बेटे बलविंदर सिंह ने बताया कि वीरवार दोपहर को उसका पिता बलवीर सिंह घर में कुल्हाड़ी तेज कर रहा था। कारण पूछने पर पिता ने कहा कि पेड़ काटने हैं।
खाने में नशीली दवा मिला दी थी
आरोपी के बेटे ने बताया कि वीरवार देर शाम को उसके पिता ने मां से खाना बनाने को कहा। फिर बहाना बना खाना नहीं खाए। खाना खाने से परिवार के सदस्य गहरी नींद सो गए।
उसने आरोप लगाया कि खाने में उसके पिता ने कोई नशीली डाली थी क्योंकि बचा हुआ खाना खाने से कुत्ता भी सो गया। उसने बताया कि इसके बाद उसके पिता ने दादा फौजा सिंह, दादी कौशल्या बाई, भाई वजीर सिंह और करनैल सिंह के साथ मिलकर उसकी माता शीलो बाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हो गए।
इस बारे में थाना सदर के एसएचओ जसवंत सिंह सैनी ने बताया कि मृतक शीलो बाई के बेटे बलविंदर सिंह के बयान पर धारा 302 और 120 के तहत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का भेजा गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है।