बादल की बस में छेड़छाड़: इंसाफ पर अड़ा पीड़ित परिवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री की ऑर्बिट बस में सफर कर रही मां-बेटी से छेड़छाड़ के बाद फेंकने के मामले में पीड़ित परिवार इंसाफ की मांग पर अड़ गया है। शुक्रवार को परिवार ने बेटी अर्शदीप के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता तब तक वह न तो शव का पोस्टमार्टम कराएंगे न ही अंतिम संस्कार होने देंगे।
वहीं, डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने स्पष्ट किया कि भले ही यह घटना उनकी कंपनी की बस में हुई है लेकिन जांच पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
जिला प्रशासन ने एक डीलर की मदद से वीरवार रात पीड़ित परिवार को पोस्टमार्टम के लिए राजी कर लिया था और घायल महिला के पति सुखदेव सिंह से कागजों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। आम आदमी पार्टी की संघर्ष कमेटी को इसकी भनक लग गई तो उन्होंने प्रशासन और डीलर के खिलाफ नारेबाजी की। मामले को गर्माता देख प्रशासन ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई रोक दी।
‘शक’ ने नहीं होने दिया समझौता
सिविल अस्पताल में आईजी बठिंडा जोन परमराज सिंह उमरा नंगल, डीआईजी अमर सिंह चाहल, डिप्टी कमिश्नर परमिंदर सिंह गिल, जिला पुलिस अधीक्षक जतिंदरपाल सिंह, एसपी हरजीत सिंह पन्नू, उप मंडल मजिस्ट्रेट सुरेंद्र कौर ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य अजमेर सिंह समेत संघर्ष कमेटी से लंबी बातचीत की।
उन्होंने परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी व 20 लाख रुपये की विशेष ग्रांट देने की बात मान ली, लेकिन इस मौके पर आप नेताओं में ही विवाद हो गया। वह संघर्ष कमेटी के एक सदस्य की भूमिका पर शक जाहिर करने लगे़। इसके बाद एक आप नेता से बातचीत के बाद पीड़ित महिला के पति सुखदेव सिंह ने प्रशासन का यह समझौता नकार दिया।
4 को ऑर्बिट बसों का घेराव करेगी कांग्रेस
मृतक अर्शदीप की दादी सुरजीत कौर ने चेतावनी दी है कि अगर उनके परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेंगी और इसका जिम्मेदार बादल परिवार होगा।
ये हैं पीड़ित परिवार की मांग
पचास लाख का मुआवजा दिया जाए
एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिले
परिवहन फर्म का परमिट कैंसल हो
घायल महिला का मुफ्त इलाज किया जाए
जतिंदर सिंह खैहरा, एसएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की तेजी से जांच कर रही है। 24 घंटे के अंदर इस घटना के जिम्मेदार आरोपी बस कंडक्टर सुखविंदर सिंह, बस ड्राइवर रंजीत सिंह, हेल्पर गुरदीप सिंह और अमर राम उर्फ दाना को गिरफ्तार कर लिया गया है। वे पुलिस रिमांड पर हैं।
शहर में रोष मार्च
मोगा बस कांड के रोष स्वरूप विभिन्न जत्थेबंदियों ने शुक्रवार को शहर के मुुख्य बाजार में रोष मार्च किया तथा सिविल अस्पताल में रोष रैली निकाली। आम आदमी पार्टी व कांग्रेस नेताओं ने थाना बाघापुराना का घेराव करके सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने 4 मई को मोहाली में तथा यूथ कांग्रेस के प्रदेश नेता कंवलजीत सिंह बराड़ ने 3 मई को बठिंडा में ऑर्बिट बसों के घेराव का ऐलान किया। इस मौके पर बाजवा के अलावा पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता सुखपाल सिंह खैहरा, सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने कंपनी मालिक बादल परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।