{"_id":"6af2aa8f8e696f76ce0a0645","slug":"upnl-bank-account-fraud-cyber-criminals-steal-rs-68-39-lakh-using-fake-cheques-in-dehradun-2026-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"देहरादून: उपनल के खाते से जालसाजों ने उड़ाए 68.39 लाख रुपये, पांच जाली चेक लगाकर किया भुगतान का प्रयास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देहरादून: उपनल के खाते से जालसाजों ने उड़ाए 68.39 लाख रुपये, पांच जाली चेक लगाकर किया भुगतान का प्रयास
Tue, 10 Nov 2026 10:56 AM IST
Renu Saklani
माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून
माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून
Published by: Renu Saklani
Updated Tue, 10 Nov 2026 10:56 AM IST
सार
सरकारी संस्थान के बैंक खाते में सेंध लगाकर जालसाजों ने लाखों रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर करा लिए। फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित चेकों के जरिये अंजाम दिए गए इस खेल में बैंक की सतर्कता से बड़ी रकम और निकलने से बच गई।
विज्ञापन
साइबर क्राइम
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विस्तार
उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते को जालसाजों ने निशाना बनाकर 68.39 लाख रुपये निकाल लिए। जालसाजों ने फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित चेकों के जरिये 14 बार में यह रकम दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली। इतना ही नहीं, इसी तरीके से 24.43 लाख रुपये और निकालने की कोशिश की गई, लेकिन बैंक की सतर्कता से यह रकम बच गई। मामले में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कोतवाली देहरादून में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
हाथीबड़कला स्थित पीएनबी की सर्वे ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक मनीष शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उपनल का चालू खाता उनकी शाखा में संचालित है। 18 जून 2026 को उपनल की ओर से बैंक को सूचना दी गई कि 17 जून को क्लियरिंग के माध्यम से 14 अलग-अलग चेक लगाकर खाते से 68,39,500 रुपये निकाल लिए गए हैं। उपनल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित चेक उनकी ओर से जारी नहीं किए गए थे और मूल चेकबुक भी सुरक्षित है।
विज्ञापन
बैंक की जांच में सामने आया कि जाली चेकों के जरिये रकम अलग-अलग बैंकों में खोले गए खातों में भेजी गई। इनमें केनरा बैंक में एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज, बैंक ऑफ बड़ौदा में सुप्रियो मुखर्जी, बैंक ऑफ इंडिया में सुभजीत मंडल और एसबीआई में सौरव विश्वास के खाते शामिल हैं।
विज्ञापन
24.43 लाख के पांच और चेक लगाए
जालसाजों ने 18 जून को इसी चेक सीरीज के पांच और फर्जी चेक क्लियरिंग के लिए लगाए। इनके माध्यम से 24,43,700 रुपये निकालने की तैयारी थी। हालांकि, उपनल की शिकायत मिलने के बाद बैंक ने सतर्कता बरतते हुए इन चेकों का भुगतान रोक दिया। इससे सरकारी उपक्रम को होने वाला अतिरिक्त नुकसान बच गया।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: दिवाली की आतिशबाजी से अस्पतालों में बढ़े मरीज, प्रदेश में पटाखों से 290 लोग झुलसे, आंखें चोटिल
16.54 लाख रुपये खाते में फ्रीज
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीएनबी ने संबंधित बैंकों से रकम रोकने और संदिग्ध खातों को फ्रीज करने का अनुरोध किया। इस पर केनरा बैंक ने एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज का खाता फ्रीज कर उसमें जमा 16,54,581 रुपये होल्ड कर दिए। बाकी रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक प्रबंधक के मुताबिक, 20 जून को ही कोतवाली में शिकायत दी गई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। इसके बाद एसएसपी से शिकायत की गई। उनके हस्तक्षेप के बाद अब प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कमल सिंह रावत को सौंपी गई है। पुलिस बैंक खातों के केवाईसी दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।