बहादुर बहनों का सामने आया तीसरा वीडियो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चलती बस में बहनों द्वारा युवकों की पिटाई करने के मामले में तीसरा वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी युवकों को उनके ही परिजन रोहतक के सदर थाने में पीट रहे हैं और युवक लड़की के पैरों में गिरकर माफी मांग रहा है।
यह वीडियो छात्रा पूजा ने ही थाने में बनाया था, जिसे अब उसके परिजनों ने सार्वजनिक किया है। पूजा व आरती के पिता राजेश ने बताया कि शुक्रवार को बस में छेड़छाड़ के बाद उन्होंने पुलिस थाने में केस दर्ज करा दिया था। अगले दिन शनिवार को आरोपी युवक कुलदीप, दीपक व मोहित के परिजन उनके घर गांव थाना खुर्द पहुंचे।
वहां उन्हें घेर लिया गया। इस पर बातचीत हुई कि लड़के सार्वजनिक रूप से गांव के चौराहे पर माफी मांग लें तो मामला खत्म किया जा सकता है। राजेश का कहना है कि इसके बाद सभी लोग थाने पहुंचे और वहीं पर तीनों युवकों को लाया गया। वहां लड़कों ने लड़कियों के पैरों में गिरकर माफी मांगी और उनके परिजनों ने ही उनकी पिटाई की।
उन्होंने तो यहां तक कह दिया था कि चौराहे पर माफी मांगने पर लड़कियां यह बयान तक दे देंगी कि वे लड़कों को नहीं पहचानती, लेकिन थाने में जाने के बाद वे चौराहे पर माफी मांगने से मुकर गए। यहां तक कि एक बार लड़कों को छोड़ भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने दोबारा मामला उठाया।
दो वीडियो पहले हो चुके हैं जारी
आरोपी युवकों के गांव आसन के सरपंच राज सिंह का कहना है कि इस वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि थाने में लड़कियों के पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई गई थी। परिजनों ने बड़प्पन दिखाते हुए पिटाई की थी, लेकिन लड़कियों के परिजनों ने यह कहा कि चौराहे पर माफी मांगने के साथ उनकी वहां बेल्ट से पिटाई कराई जो तो उनकी बेटियां लड़कों को पहचानने से इनकार करने का बयान भी दे देंगी। जब इस बारे में सभी घरवालों ने बातचीत की तो चौराहे पर माफी मांगने से मना कर दिया क्योंकि बेइज्जत होने पर कोई सुसाइड भी कर सकता है।
सबसे पहले बस में लड़कों को बेल्ट से मारते हुए लड़कियों का वीडियो जारी हुआ। यह वीडियो किसी तीसरी युवती ने बनाया था। इसके बाद पार्क में लड़कियों द्वारा एक लड़के को और पीटने का वीडियो आया।
चौथा वीडियो भी आ सकता है सामने
भिवानी चुंगी पर रह रहे बोहर के हरीश अहलावत का दावा है कि लड़कियों द्वारा लड़कों की पिटाई करने का एक और वीडियो भी सामने आ सकता है।
उसने बताया कि करीब 20-25 दिन पहले पहले वह अपनी पत्नी के साथ तिलयार झील पर गया था। वहां यही दोनों लड़कियां एक लड़के को पीट रही थी। एक लड़का वीडियो बना रहा था। उसने पत्नी को एक तरफ खड़ा कर लड़के को छुड़वाने का प्रयास किया तो एक लड़की ने उसकी ही गर्दन पकड़ ली।
हरीश का कहना है कि वहां कुछ लोगों ने उसे यह भी कहा कि तुझे भी फंसवा सकती है। कुछ देर बाद जिस लड़के की पिटाई हो रही थी, वह उसे मिला तो उससे बातचीत की।
लड़का दादरी के पास किसी गांव का रहने वाला है। उसने बताया वह तो रास्ते से जा रहा था कि लड़कियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हरीश ने बताया कि वह कहीं भी बयान देने को तैयार है।