मुख्तार अंसारी से पंजाब पुलिस ने की पूछताछ, बोला- मेरे नाम का हुआ इस्तेमाल, नहीं मांगी रंगदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फोन पर रंगदारी और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप में मोहाली पुलिस के कस्टडी में चल रहे बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी से पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने कई घंटे पूछताछ की। सूत्रों से पता चला है कि पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली है। आरोपी का कहना है कि उसने किसी को रंगदारी मांगने के लिए फोन नहीं किया। किसी ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले में बोलने से बच रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी को काफी सुरक्षा में रखा गया है। मटौर थाने और सीआईए के बाहर भी सुरक्षा पहरा मजबूत है। स्पेशल रिजर्व फोर्स लगाई गई है। बता दें कि सेक्टर-70 के जिस बिल्डर ने पुलिस को शिकायत दी है, वह काफी हाई प्रोफाइल है। उसके दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल में कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं। मार्केट में भी उसका अच्छा रसूख है।
बिल्डर ने बताया था कि उसे कुछ दिन पहले फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को मुख्तार अंसारी बताते हुए दस करोड़ की रंगदारी मांगी थी। साथ ही धमकी दी थी कि रकम न देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा। इसके बाद मटौर थाने में यह केस दर्ज हो गया था। मोहाली पुलिस पूरी प्लानिंग के तहत आरोपी को यूपी से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया था, जहां से दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
गैंगस्टरों से संबंधों बारे भी हुई पूछताछ
पुलिस द्वारा आरोपी से पंजाब के गैंगस्टरों के बारे में पूछताछ की गई। क्योंकि कुछ समय में जितने भी गैंगस्टर पकड़े गए थे, उनमें से अधिकतर के पास यूपी मेड हथियार ही मिले थे। इसके अलावा कई अन्य लोगों के संबंधों के बारे में भी पड़ताल की गई। वहीं, पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी अंसारी का नेटवर्क काफी मजबूत है। उसके शॉर्प शूटर हैं। इसके अलावा उस पर अलग-अलग तरह के 45 केस चल रहे हैं।
पुलिस ने लिए वॉयस सैंपल
भले ही आरोपी मुख्तार अंसारी का कहना है कि उसने बिल्डर को कॉल नहीं की है, लेकिन पुलिस ने उसके वॉयस सैंपल लिए हैं। साथ ही वॉयस सैंपल की जांच कराने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक अंसारी का नाम लेकर कॉल करने वाले व्यक्ति ने बिल्डर को तीन बार 28 दिसंबर, तीन जनवरी और छह जनवरी को कॉल की थी।
अंसारी का करीबी रहा था रॉकी
जानकारी के मुताबिक पंजाब के कई गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के करीबी रह चुके हैं। इनमें जसविंदर उर्फ रॉकी भी शामिल था। रॉकी ने फाजिल्का से 2012 में विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। 2016 में गैंगवार के दौरान रॉकी की मौत हो गई थी। इसके अलावा चंडीगढ़ में सुखना लेक के पास कई साल पहले हुए डिंपी हत्याकांड में भी अंसारी का नाम आया था।