मोगा से अगवा कर धूरी में महिला से कार में सामूहिक दुष्कर्म, नशीला पदार्थ भी दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक महिला को मोगा से अगवा किया गया और बाद में उसे धूरी ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना की सूचना मोगा पुलिस को दी गई तो लगभग आधा दिन मोगा व धूरी पुलिस इसी बात को लेकर उलझी रही कि वारदात मोगा की है या फिर धूरी की।
देर शाम आला अधिकारियों के आदेश पर मोगा के थाना सदर में पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर दो महिलाओं समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण कर दुष्कर्म करने की धारा में केस दर्ज कर लिया।
मोगा के सिविल अस्पताल में बयान दर्ज करने पहुंचे डीएसपी सिटी परमजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के अनुसार उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है और वह दो बच्चों की मां है। महिला का पति पेंटर का काम करता है। सोमवार को पति उसे अपनी साली के घर करीब 12 बजे छोड़कर आया था। इसके बाद करीब ढाई बजे वह वहां से वापस चल पड़ी।
रास्ते में पीर बाबा की दरगाह पर माथा टेकने के बाद जैसे ही मोगा रोड की ओर महिला आने लगी तो पीछे से सफेद रंग की एक कार आकर रुकी। कार में दो महिलाओं समेत चार लोग थे। उन्होंने उसे जबरन कार में बिठाया और कार में ही उसे कोई नशीली चीज सुंघा दी, जिससे महिला बेहोश हो गई।
महिला के मुताबिक सोमवार की सुबह जब उसे होश आया तो उसने देखा कि उसके कपड़े फटे हुए थे और वह सुनसान जगह पर बने एक घर के कमरे में थी। महिला के अनुसार सुबह करीब आठ बजे उसके कमरे में एक लड़की आई और उसे कहने लगी कि जल्दी करो और यहां से भाग जाओ, नहीं तो अगर भोली आ गई तो उसके साथ मारपीट करेगी और उसे किसी को बेच देगी।
महिला के मुताबिक उसके साथ रात को सामूहिक दुष्कर्म किया गया था, जिससे वह डर गई थी। जैसे तैसे कर महिला वहां से भाग निकली। वहां शहर में आकर उसे पता चला कि वह धूरी में है। उसने बस अड्डे पर पहुंचकर उक्त पूरी घटना की जानकारी एक व्यक्ति को दी। उक्त व्यक्ति ने महिला को लुधियाना जाने वाली बस में टिकट लेकर बिठा दिया।
लुधियाना आकर महिला ने अपने पति को एक सिक्योरिटी गार्ड के फोन से उक्त घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला का पति लुधियाना जाकर पत्नी को वापस मोगा लेकर आया। शाम करीब सात बजे महिला को सिविल अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया। मंगलवार को घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर मोगा की पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची तो पुलिस मुलाजिमों ने धूरी पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
धूरी पुलिस ने आकर मोगा में महिला के बयान दर्ज किए तो कुछ घंटे विचार के बाद आला अधिकारियों के आदेशों पर थाना सदर की सब इंस्पेक्टर कर्मजीत कौर ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज किए और दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
डीएसपी के अनुसार मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि पीड़ित महिला कभी कहती है कि जब उसे अगवा किया गया तो उसने घटना की जानकारी रिकार्डिंग के जरिये अपने पति को फोन पर भेज दी। इसके बाद महिला का पति पुलिस के पास भी गया, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। डीएसपी का दावा है कि दो दिन के अंदर मामला सुलझा लिया जाएगा।