एसिड अटैक से दहलाने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पहाड़ों में छिपा बना रहा था भागने की योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसिड अटैक से दहशत मचाने वाला आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गया। वह नेपाल के रास्ते मलेशिया भागने के फिराक में था। हरियाणा के अंबाला सिटी के सेक्टर-7 में चार अक्तूबर को महिला पर हुए एसिड अटैक के मामले में फरार चल रहे मुख्यारोपी मोती को पुलिस ने शुक्रवार को उत्तराखंड के नीलकंठ से गिरफ्तार किया है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी अशोक कुमार ने यह जानकारी दी।
मोती को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। बता दें कि चार अक्तूबर को शहर के सेक्टर-7 में किराये के मकान में रहने वाली 31 वर्षीय कविता अनेजा पर आरोपियों ने तेजाब फेंक दिया था। कविता बुरी तरह झुलस गई थी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां वह अब भी उपचाराधीन है।
विदेश भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मोती नेपाल के रास्ते मलेशिया भागने की फिराक में था, लेकिन उसके पास इंडिया की एनओसी न होने के चलते उसे फ्लाइट नहीं मिल सकी। इसके बाद वह हरिद्वार आ गया। वहां से वह नीलकंठ के ऊपर पहाड़ियों में छिप गया। पुलिस ने बताया कि मुखबिरों की सूचना पर शुक्रवार को उसे पहाड़ों में एक कमरे से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मोती कुछ साल पहले जापान से सामान लाकर यहां बेचता था और अभी वह मोबाइल सप्लाई का काम कर रहा था। मोती पहले भी कई देशों की सैर कर चुका है।
...तो पहले दिन ही पकड़ा जाता मोती
पुलिस ने बताया कि मोती वारदात के पहले दिन अपने घर पर ही रुका था। अगर कविता पहले दिन ही पुलिस को उसके बारे में कुछ जानकारी दे देती तो उसी दिन वह पुलिस की गिरफ्त में होता।
250 में खरीदा था एसिड
पुलिस ने बताया कि मोती ने हांसी निवासी अपने दोस्त को 500 रुपये दिए और उसमें से 250 का एसिड लाने को कहा और 250 रुपये अपने पास रखने को कहे। उन्होंने बताया कि मोती ने इसके बाद उस एसिड से वारदात को अंजाम दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि दोस्त से इस बारे में पूछताछ की जाएगी कि यह एसिड उसने कहां से खरीदा।
प्राथमिक पूछताछ में मोती ने एसिड फेंकने की बताईं दो वजह
मोती ने प्राथमिक पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसकी कविता से रिश्तेदारी है और करीब 10 साल से वह उसे जानता था। मोती के अनुसार तीन साल पूर्व कविता से दोबारा बातचीत शुरू हो गई और उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली थी। वहीं पुलिस का कहना है कि उनके पास अभी मोती और कविता की शादी का कोई पुख्ता सबूत नहीं हैं।
वहीं मोती ने यह भी बताया कि कविता उसे नजरअंदाज कर रही थी जिस वजह से उसने एसिड फेंका। उसने बताया कि वह कविता का केवल चेहरा ही जलाना चाहता था। पुलिस के अनुसार मोती ने यह भी बताया कि वारदात के कुछ दिन पूर्व उसकी कविता के पति गौरव अनेजा से फोन पर बात हुई थी जिस पर गौरव ने मोती को कहा था कि कविता सिर्फ उसकी पत्नी है। इस पर मोती भड़क गया था और उसने इसी वजह से एसिड अटैक किया।
दो आरोपी पहले से गिरफ्त में
वारदात के बाद पुलिस ने इसे सुलझाने के लिए टीमों का गठन किया था, जिसके बाद पुलिस ने वारदात में संलिप्त दो आरोपी नितिन कुमार व एक अन्य को 8 अक्तूबर को ही हांसी से गिरफ्तार कर लिया था। वहीं पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को 5 अक्तूबर को ही हांसी से बरामद कर लिया था।
वारदात में संलिप्त दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं शुक्रवार को मुख्यारोपी मोती को भी नीलकंठ के ऊपर पहाड़ों से गिरफ्तार किया है। शनिवार को मोती को कोर्ट में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है। इसके बाद उससे पूछताछ की जा रही है। आगामी कार्रवाई पूछताछ के बाद ही की जाएगी। -अशोक कुमार, एसपी, अंबाला।