फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Ludhiana police arrested mastermind of forgery along with his accomplice

कभी देखा ऐसा शातिर: जेल में बैठ बना फर्जी ADGP, IAS व IPS, जेल से गैंगस्टरों को भगा भी चुका

Tue, 07 Mar 2023 06:29 PM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब) Published by: ajay kumar Updated Tue, 07 Mar 2023 06:29 PM IST
सार

लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि आरोपी अमन पिछले काफी समय से संगरूर जेल में बंद है। वह जेल के अंदर से ही सोशल मीडिया से लोगों से जुड़ा। आरोपी ने सीसीटीएनएस नाम से एक फर्जी वेबसाइट बना रखी है।

विज्ञापन
Ludhiana police arrested mastermind of forgery along with his accomplice
आरोपियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

पंजाब के लुधियाना में ठगी के एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है जो आपके होश उड़ा देगा। यहां जेल में बैठा कैदी खुद को एडीजीपी बता लोगों से फर्जीवाड़ा कर रहा था। मगर यह खेल ज्यादा दिनों तक चल न सका। अब लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने मास्टरमाइंड और उसके साथी को धर दबोचा है। मास्टरमाइंड पंजाब की संगरूर जेल से फर्जीवाड़ा चला रहा था। आरोपी खुद को अपराध और आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क और प्रणाली (CCTNS) का एडीजीपी (सेंट्रल कमांडेंट) बता फर्जीवाड़े को अंजाम देता था। मास्टरमाइंड अमन का नाम नाभा जेल ब्रेक कांड से भी जुड़ा है।

विज्ञापन


साथी को पकड़ा तो खुला राज
लुधियाना पुलिस को इस संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने भामियां कलां स्थित डीपी कॉलोनी में दबिश दी। यहां से पंकज सूरी को पकड़ने में सफलता हासिल की। पंकज खुद को डिप्टी कमांडेंट बताता था। आरोपी से पूछताछ के दौरान पता चला कि संगरूर जेल में बंद हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले का रहने वाला अमन कुमार उर्फ अविलोक विराज खत्री फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड है।
विज्ञापन


आरोपियों के पास से मिला ये सामान
लुधियाना पुलिस मास्टरमाइंड को प्रोडक्शन वारंट पर लाई और पूछताछ की तो सारा राज खुल गया। आरोपियों के पास से पुलिस को सीसीटीएनएस कमांडेंट के नाम से बनाया गया पहचान पत्र, तीन लैपटॉप, एक प्रिंटर, विभिन्न कंपनियों के पांच मोबाइल फोन, चार स्टैंप, सीसीटीएनएस वालंटियर के फर्जी पहचान पत्र की दो कॉपी, पहचान पत्र को रद्द करने के संबंध में एडीजी (इंटेलीजेंस) नई दिल्ली को लिखा पत्र और फर्जी सेंट्रल कमांडेंट वालंटियर नियुक्त करने का अथॉरिटी लेटर मिला है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

सीसीटीएनएस के नाम पर बनाई फर्जी वेबसाइट
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि आरोपी अमन पिछले काफी समय से संगरूर जेल में बंद है। वह जेल के अंदर से ही सोशल मीडिया से लोगों से जुड़ा। आरोपी ने सीसीटीएनएस नाम से एक फर्जी वेबसाइट बना रखी है। वेबसाइट में वह खुद को एडीजीपी (सेंट्रल कमांडेंट) नई दिल्ली बताता था। अपराध और आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क और प्रणाली (CCTNS) राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) का एक विभाग है। 

16 से 22 हजार रुपये तक वेतन का देता था झांसा
अमन फर्जी वेबसाइट के जरिये लोगों को सीसीटीएनएस में वालंटियर भर्ती होने का झांसा देता था और एक फार्म भरने के नाम पर 999 रुपये लेता था। उसने सैंकड़ों लोगों से फर्जीवाड़ा किया है और उन्हें निजी तौर पर सीसीटीएनएस में वालंटियर के तौर पर काम करने को कहा। वह नौजवानों को झांसा देता था कि वह काम पुलिस के इंटेलिजेंस विभाग का ही करेंगे लेकिन वह प्राइवेट तौर पर भर्ती रहेंगे। उन्हें 16 से 22 हजार रुपये गुप्त फंड से वेतन मिलेगा। वह हर नौजवान को एक पद भी देता था। 

आरोपी बेहद ही शातिर है। अगर किसी व्यक्ति को अथॉरिटी लेटर या कोई कागजात भेजन होता था तो वह पंकज सूरी के माध्यम से भेजता था। पंकज बाद में प्रिंट निकालकर कागजात संबंधित व्यक्ति को भेज देता था। आरोपियों ने फर्जी स्टैंप भी बनवा रखी थी और अधिकारियों की पूरी जानकारी भी देता था। अमन काम पूरा होने के बाद पंकज को जेल के अंदर से ही निर्देश देता था ताकि किसी को उन पर शक न हो। 

ऑनलाइन लेता था पैसा, जीमेल व फेसबुक अकाउंट भी बना रखा
आरोपी अमन जेल में बैठकर भी पूरी तरह से बाहरी दुनिया से जुड़ा था। वह ऑनलाइन भुगतान लेता था। उसने अपना एक क्यूआर कोर्ड भी बना रखा था ताकि अगर किसी को क्यूआर कोड के जरिये पैसे भेजने हैं तो सीधे उसके खाते में भेज सके। आरोपियों ने एक्सिस बैंक का एक खाता नंबर भी दे रखा था। आरोपी ने जेल के अंदर से ही सीसीटीएनएस के नाम से फेसबुक अकाउंट, जीमेल अकाउंट भी बना रखा था। इस पर सरकारी लोगो का भी इस्तेमाल किया गया था। आरोपी ने व्हाट्सएप पर भी एक फर्जी डीपी लगा रखी थी। इसमें खुद को एडीजीपी सेंट्रल कमांडेंट दिखाया है। वह अब तक 400 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।

पहले भी आरोपी पर आईपीएस और आईएएस अधिकारी बनने के हैं मामले दर्ज
पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि आरोपी पहले फर्जी आईपीएस और आईएएस अधिकारी बन चुका है। वह पुलिस और प्रशासन के काम  करने के तरीके से पूरी तरह से वाकिफ है। वह आसानी से अधिकारियों की एक्टिंग करता था और दूसरे राज्यों में जाकर खुद को आईपीएस और आईएएस अधिकारी बताता था ताकि उसे उपयुक्त सुरक्षा और सुविधा मिल सके। 

नाभा जेल ब्रेक कांड में भी था शामिल
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आरोपी अमन कुमार उर्फ अविलोक विराज खत्री पर पंजाब व अन्य राज्यों में फर्जीवाड़े के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह पटियाला समेत पंजाब की कई जेलों में बंद रह चुका है। आरोपी का नाम नाभा जेल ब्रेक कांड में भी सामने आया था। इसने आरोपियों को वर्दी और कानूनी कागजात उपलब्ध करवाए थे। इन्हीं के सहारे गैंगस्टर नाभा जेल से भागे थे। नाभा जेल ब्रेक कांड के बाद आरोपी को वहां से संगरूर की जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed