हरियाणा में बेखौफ बदमाश, पूर्व डीजीपी के रिश्तेदार के यहां साढ़े 15 लाख की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व डीजीपी यशपाल सिंघल के रिश्ते में भाई के घर पर तीन हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर पिस्तौल के बल पर साढ़े 15 लाख रुपये लूट लिए। बदमाश धान बेचने के बहाने अनाजमंडी में स्थित उनकी दुकान के ऊपर स्थित निवास स्थान पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर दंपति को कमरे में बंद करके भाग गए।
मामले की सूचना पाकर डीएसपी जोगिन्द्र शर्मा सहित पुलिस फोर्स व सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने टोहाना की सभी सीमाओं को सील करके आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है।
पुलिस ने अज्ञात लोगों पर लूटपाट का केस दर्ज किया है और लूटे गए दो मोबाइल सिंबल रोड से बरामद कर लिए हैं। डीएसपी जोगिन्द्र शर्मा ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी उनके घर पर पहुंचे और पूरी जानकारी लेकर पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व डीजीपी यशपाल सिंघल के रिश्ते के भाई भीमसेन गुप्ता की टोहाना की अनाजमंडी में 119 नंबर दुकान मैसर्ज लाजपत राय संजीव कुमार मोदी के नाम से है। उनका बेटा विनोद दिल्ली में काम करता है। यहां पर भीमसेन गुप्ता अपनी पत्नी के साथ दुकान के ऊपर ही बने मकान में रहते हैं। आढ़त की दुकान का कामकाज संभालने के लिए भीमसेन गुप्ता ने 4 मुनीम रखे हुए हैं।
मंगलवार को सभी मुनीम अपने घर चले गए थे। मंगलवार रात आठ बजे एक कार में सवार होकर तीन बदमाश उनकी दुकान पर पहुंचे। यहां पर मुनीम ना मिलने पर 2 बदमाश दुकान के ऊपर स्थित उनके मकान में पहुंच गए। उस समय भीमसेन गुप्ता बाथरूम में थे और उनकी पत्नी शकुंतला देवी कमरे में बैठी टीवी देख रही थी।
धान बेचने का बनाया बहाना
दोनों बदमाशों ने भीमसेन गुप्ता की पत्नी से धान बेचने की बात कहकर भीमसेन गुप्ता के बारे में पूछा। इसके बाद जब भीमसेन गुप्ता बाथरूम से बाहर आए तो उन्होंने उक्त युवकों को धान खरीदने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों युवकों में से एक ने पिस्तौल तथा दूसरे ने बरछा निकाल लिया। दोनों ने दंपति से अलमारी की चाबी मांगी, मगर उन्होंने बताया कि चाबी मुनीम के पास है। इसके बाद दोनों आरोपियों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें से 15 लाख 58 हजार रुपये की नकदी उठा ली।
अलमारी में जेवरात भी पड़े थे, लेकिन लुटेरों ने केवल नकदी को ही लूटा। इसके बाद उन्होंने दंपति को एक कमरे में बंद करके बाहर से हलकी कुंडी लगा दी और धमकी दी कि अगर पुलिस को बताया तो वह उनको जान से मार देंगे। दोनों आरोपी उनसे दो मोबाइल भी लूटकर ले गए तथा घर के पिछले दरवाजे से फरार हो गए। इस वारदात के बाद भीमसेन गुप्ता दरवाजा खोलकर बाहर आए और अपने भतीजे भानू को वारदात की जानकारी दी। भानू ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सीसीटीवी मे कैद हुए दो नकाबपोश
जांच के दौरान पुलिस ने एक दुकान में लगे सीसीटीवी में देखा कि शाम के लगभग 7 बजकर आठ मिनट पर दो युवक मुंह ढके हुए तथा हाथ में बैग लेकर घर के पीछे के दरवाजे से बाहर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की तो सिंबल रोड स्थित आईटीआई पास पुलिस को दो मोबाइल बरामद हुए, जिन्हें लुटेरे लूट कर ले गए थे। मामले की जांच के लिए पुलिस द्वारा टीमों का गठन किया गया है।
डीएसपी पहुंचे मौके पर
सूचना पाते ही डीएसपी जोगिन्द्र शर्मा, शहर थाना प्रभारी अरूणा सिंह व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को सील करके आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी गई। डीएसपी जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि देर शाम उन्हें इस घटना की जानकारी मिली थी, इसके तुरंत बाद उनकी टीम पहुंची और मौके पर ही फिंगर एक्सपर्ट व साइबर सेल को भी बुलाया गया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।