सोनीपत में बेखौफ बदमाश : तीन शराब ठेकों से 2.55 लाख रुपये लूटे, पांच मोबाइल व शराब भी ले उड़े
- पुलिस लाइन के गेट के पास शराब ठेके के सेल्समैन को बांधकर पिस्तौल के बल पर 1.30 लाख रुपये लूटे
- सेल्समैन ने किया पिस्तौल छीनने का प्रयास तो लुटेरों ने हाथ-पैर बांधे, कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए
- गढ़ी के शराब ठेके से 45 हजार, दो मोबाइल, दो पेटी शराब व सिसाना के ठेके से 80 हजार रुपये लूटे
- स्विफ्ट कार में सवार होकर आए पांच-छह बदमाशों ने पिस्तौल व चाकू के बल पर दिया वारदात को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में बेखौफ बदमाशों ने गुरुवार रात सबसे सुरक्षित पुलिस लाइन क्षेत्र समेत तीन स्थानों पर शराब के ठेकों पर लूटपाट की। बदमाश ठेकों से 2.55 लाख रुपये की नकदी, पांच मोबाइल और शराब लूट कर ले गए। पुलिस लाइन के पास स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन को पिस्तौल दिखाकर हाथ-पैर बांधकर लूटपाट की।
बदमाशों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। आरोपी सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। इसके अलावा गांव गढ़ी और सिसाना के शराब ठेकों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। तीनों स्थानों पर लूटपाट की वारदात एक ही गिरोह द्वारा अंजाम देने की आशंका है। लूट में एक ही कार का इस्तेमाल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस लाइन के सामने स्थित ठेके में रात 11:40 बजे घुसे बदमाश
शहर के गोहाना रोड पर लघु सचिवालय के पास और पुलिस लाइन के सामने सर्वाधिक सुरक्षित क्षेत्र में बदमाशों ने देर रात शराब ठेके पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब 15 मिनट तक ठेके में रहकर लूटपाट करते रहे। घटनास्थल के पास ही सीआईडी का कार्यालय भी है। पानीपत जिले के गांव जाटल निवासी राजेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह पुलिस लाइन के सामने स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर वह ठेके पर था। उसी समय 4-5 लड़के ठेके में घुस आए।
सभी ने मास्क पहना था। दो के पास पिस्तौल थी, जबकि दो-तीन साथी डंडे लिए हुए थे। उन्होंने आते ही उसे पकड़ लिया और जेब से पर्स निकाल लिया। पर्स में करीब 25 हजार रुपये, एटीएम कार्ड व कागजात थे। उन्होंने उसके साथी संजय की जेब से मोबाइल निकाल लिया। इस दौरान सेल्समैन संजय ने पिस्तौल छीनने का भी प्रयास किया। एक लुटेरे ने गमछा फाड़कर दोनों के हाथ-पैर बांध दिए। ठेके के गल्ले में रखे एक लाख पांच हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। गोहाना रोड चौकी पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्जकर लिया है।
सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए बदमाश
पुलिस ने अनुसार बदमाश 18 से 25 साल उम्र के लग रहे थे। सेल्समैन के मोबाइल लूट लिए हैं लेकिन कुछ दूर जाकर सेक्टर-23 के मार्ग पर फेंक गए हैं। उन्हें पता था कि मोबाइल की लोकेशन से पकड़े जाएंगे। शराब ठेके पर लगे सीसीटीवी की डीवीआर निकाल ली।
सीसीटीवी में दिखाई दी लुटेरों की कार
शराब ठेके पर लूटपाट करने के बाद वह सेक्टर 23 की ओर निकलने वाले रास्ते से भागे। उनकी कार एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में दिखाई दे रही है। रात में ही सिटी थाना पुलिस और सीआईए व सीआईए-2 की टीम ने जांच की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि लुटेरों ने वारदात में लूटी कार का इस्तेमाल किया।
खरखौदा क्षेत्र में एक ही ठेकेदार के दो ठेकों पर की लूट
बदमाशों ने खरखौदा में एक ही ठेकेदार के दो ठेकों पर लूटपाट की। गांव सिसाना निवासी मुकेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसके गढ़ी व सिसाना में शराब के ठेके हैं। रात को स्विफ्ट कार सवार पांच-छह बदमाशों ने शराब लेने के नाम पर ठेके के सेल्समैन सुनील से ठेका खुलवाया। इसके बाद पिस्तौल व चाकू दिखाकर 45 हजार रुपये, एक पेटी शराब व सुनील का मोबाइल ले गए।
मुकेंद्र ने बताया कि वारदात की सूचना के बाद वह ठेके पर जा ही रहे थे कि उन्हें सूचना मिली कि सिसाना गांव स्थित ठेके पर स्विफ्ट कार सवारों ने लूटपाट कर दी। लुटेरे सेल्समैन आशुतोष से 80 हजार की नकदी, उसका पर्स व मोबाइल ले गए। सूचना पाकर थाना प्रभारी विवेक मलिक, सीआईए, सोनीपत व डीएसपी रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और मामले में जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों स्थानों पर लूटपाट एक ही कार में सवार युवकों ने की है। लुटेरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी हैं। जल्द ही उनका पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - डॉ. रवींद्र कुमार, डीएसपी