कोठी प्रकरण: पचास हजार के इनामी शराब कारोबारी अरविंद सिंगला ने 100 दिन बाद किया आत्मसमर्पण
पुलिस अब आरोपी का कोर्ट नंबर 29 में पेश कर उसका रिमांड हासिल करने में जुटी हुई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पंजाब हरियाणा समय जगह-जगह छापेमारी की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में करोड़ों की कोठी कब्जाने के मामले में आरोपी व 50 हजार के इनामी शराब कारोबारी अरविंद सिंगला ने 100 दिन बाद शुक्रवार को जिला अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद एसआईटी ने कोठी के दस्तावेज बरामद करने के लिए उसका चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। सिंगला दो मार्च 2021 से आरोपी फरार चल रहा था। जिला अदालत और हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसने आत्मसमर्पण किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इतने दिन वह पंजाब के अलग-अलग शहरों में छिपा रहा।
शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे एसआईटी को सूचना मिली कि अरविंद सिंगला ने सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में आत्मसमर्पण किया है। सूचना के बाद एएसपी श्रुति अरोड़ा और सेक्टर-31 थाना प्रभारी नरिंदर पटियाल टीम सहित मौके पर पहुंचे और सिंगला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। यहां एसआईटी ने अरविंद का सात दिन का रिमांड मांगा। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एसआईटी अब अरविंद सिंगला से पूछताछ कर रही है कि फरार होने के दौरान उसकी किस-किस ने मदद की।
नकली राहुल मेहता ने भी गुरुवार को किया था आत्मसमर्पण
गुरुवार दोपहर को नकली राहुल मेहता बने गुरप्रीत सिंह ने भी जिला अदालत में आत्मसमर्पण किया था। वह तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है। इतने दिनों से एसआईटी आरोपी गुरप्रीत की धरपकड़ के लिए महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत पंजाब के अलग-अलग शहरों में दबिश दे रही थी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। एसआईटी अब गुरप्रीत को 14 और अरविंद को 15 जून को अदालत में पेश करेगी।
कोठी में 33 प्रतिशत की थी हिस्सेदारी
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-37 राहुल मेहता की कोठी को अरविंद सिंगला और खलिंदर कादियान ने जीपीए के जरिए अपने नाम करवा लिया था। इसमें 33 प्रतिशत हिस्सेदारी अरविंद की थी। इसके बाद इन लोगों ने सौरभ गुप्ता को 3.85 करोड़ में कोठी बेच दी। अरविंद के हिस्से में कुल 1.28 करोड़ आए थे। इस आरोप के तहत पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पुलिस ने अरविंद पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया था।
ये आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर
मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें मुख्य आरोपी संजीव महाजन के अलावा मनीष गुप्ता, डीएसपी रामगोपाल का भाई सतपाल डागर, थाना-39 थाने के तत्कालीन प्रभारी राजदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह (नकली राहुल मेहता) और शराब कारोबारी अरविंद सिंगला शामिल हैं। इनके अलावा पुलिस को अब आरोपी शेखर, दलजीत सिंह उर्फ रूबल, सौरभ गुप्ता, खलिंदर सिंह कादियान और अशोक अरोड़ा की तलाश है। इनमें से खलिंदर और सौरभ गुप्ता पर 50-50 हजार का इनाम भी घोषित है।
सेक्टर-26 पुलिस सिंगला का लेगी प्रोडक्शन रिमांड
उधर, चचेरे भाई व भाभी से करोड़ों की धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में फंसे अरविंद सिंगला को सेक्टर-26 पुलिस तलाश कर रही थी। मामले में पुलिस ने अरविंद के अकांउंटेंट विकास को गिरफ्तार किया है, जबकि इस केस में अरविंद को सेक्टर-26 पुलिस जल्द ही प्रोडक्शन रिमांड पर लाएगी।
बता दें कि अंबाला कैंट निवासी श्वेता सिंगला ने बताया था कि उनके पति दीपक सिंगला ने अपने चचेरे भाई अरविंद सिंगला के साथ अगस्त 2015 को बेल इंटरप्राइजेज नाम की एक कंपनी खोली थी। 60 प्रतिशत पार्टनरशिप अरविंद सिंगला और 40 प्रतिशत उनके पति की थी लेकिन कुछ समय बाद उनकी कंपनी डूबने लगी। जून 2016 में दीपक को गोली लगी। वह मोहाली फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुआ तो अरविंद ने धोखे से श्वेता का हस्ताक्षर लेकर खुद कंपनी से बाहर हो गया ताकि वह डूबती कंपनी में देनदारी से बच सके।