समलैंगिकों पर चर्चा कर फंसे आमिर, नोटिस
जिला अदालत ने आमिर खान के शो सत्यमेव जयते में समलैंगिकों के अधिकारों पर चर्चा किये जाने पर आमिर खान, सत्यमेव जयते की निर्माता आमिर खान प्रोडक्शन सहित चैनल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
मोहाली की मंदीप कौर दीप ने अपने वकील दिलीप महाजन के जरिए यहां की जिला अदालत में याचिका दायर की है। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने आगामी 19 दिसंबर के लिए नोटिस जारी किया है। इस याचिका पर प्रतिवादी पक्ष को कानूनी नोटिस जारी करके 24 घंटों में माफी मांगने जाने की मांग की गई थी।
याचिका दायर कर आदेशों का उल्लंघन बताया
मंदीप ने वकील के माध्यम आमिर खान को भेजे लीगल नोटिस में कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट ही जब समलैंगिकों के अधिकारों को सिरे से खारिज कर चुका है और इसे अपराध करार दे चुका है तो शो में समलैंगिकों के अधिकारों पर चर्चा करना साफ तौर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करना है।
यह एक तरीके से जिसे सुप्रीम कोर्ट अपराध मानता है उसे शो के जरिये प्रोत्साहित करना ही है। इस शो में समलैंगिकों को किन्नर के सामान मानते हुए चर्चा की गयी है।
इस पर भी मंदीप ने आपत्ति जताते हुए कहा है की किन्नर और समलैंगिक एक दूसरे से पूरी तरह से अलग हैं। किन्नर होना अपराध नहीं है बल्कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी किन्नरों को अधिकार प्रदान करते हैं।
24 घंटे में माफी मांगने को कहा
शो में किन्नरों को समलैंगिकों के अधिकारों की सामान तौर पर चर्चा किया जाना एकदम गलत है। लीगल नोटिस में कहा गया था कि यह नोटिस मिलने के 24 घंटों के भीतर वे सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगते हैं तो वह इस मामले को लेकर अदालत में केस दायर करेंगे।
आमिर खान का यह शो 19 अक्तूबर को प्रसारित किया गया था। याचिका में शो में समलैंगिकों के अधिकारों की सामान तौर पर चर्चा किए जाने पर आपत्ति जताई गई है। याचिका में प्रतिवादी पक्ष के इस कृत्य को अदालत अवमानना मानते हुए बिना शर्त माफी मांगने की मांग की गई है।