अंतरराज्यीय कच्छा-बनियान गिरोह का पर्दाफाश, 9 काबू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय कच्छा-बनियान गिरोह का पर्दाफाश कर नौ सदस्यों को काबू किया है। इनकी गिरफ्तारी से जिले में लूट, हत्या और मारपीट की चार वारदात का खुलासा किया गया है।
पुलिस ने जिला समेत सोनीपत और गाजियाबाद समेत यमुना के साथ लगते क्षेत्रों में वारदात के खुलासे का दावा किया है। एसपी बी. सतीश बालन ने सीआईए-टू पानीपत टीम को इसका श्रेय दिया और उनको बधाई दी है।
एसपी बी. सतीश बालन ने सोमवार को सीआईए-टू पानीपत की ओर से कच्छा-बनियान गिरोह के नौ सदस्यों को काबू करने की सफलता का खुलासा पत्रकारवार्ता में किया।
वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे
एसपी ने बताया कि गिरोह के सभी नौ सदस्य जिले के गांव जलमाणा में वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। सीआईए टू पानीपत टीम को गुप्त सूचना मिली और मौके पर दबिश देकर गिरोह के नौ सदस्यों को काबू किया।
गिरोह के बदमाश यूपी के कैराना और हरियाणा के सोनीपत जिले से संबंध रखते हैं। वे सब झुग्गी झोपड़ियों में रहते थे और यहीं से वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस पूछताछ में यमुना के साथ लगते सोनीपत और दिल्ली एनसीआर के क्षेत्र में इस तरह की कई वारदात के खुलासे हो सकते हैं।
एसपी ने सीआईए टू प्रभारी दीपक कुमार, एएसआई सुल्तान सिंह, राजेश कुमार व देवेंद्र और हवलदार मनदीप व मनोज को श्रेय देते हुए कहा कि सभी कर्मियों को उचित पुरस्कार दिया जाएगा।
शरीर पर लगाते थे तेल और अन्य तरल पदार्थ
एसपी बी. सतीश बालन ने बताया कि आरोपी झुग्गी झोपड़ियों में घुमंतू वेशभूषा में रहते थे। वे कहीं पर झुग्गी डालकर रहने लग जाते थे और यहां के 20 से 30 किलोमीटर क्षेत्र में वारदात को अंजाम देते थे।
ये सब वारदात स्थल से कुछ दूरी पर अपने कपड़े उतार देते थे और एक सदस्य को कपड़ों के पास छोड़ जाते थे। बाकी सब शरीर पर तेल और अन्य तरल पदार्थ लगा लेते थे और घरों में घुसकर ब्लाइंड हमला करते थे।
इसमें महिलाएं सबसे ज्यादा शिकार होती थीं। इसके बाद वे नकदी व गहने लूटकर फरार हो जाते थे। कई बार देखने को मिला कि ये सब पुलिस के आगे-आगे लूटपाट की वारदात को अंजाम देते चले जाते थे।