अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सवा करोड़ की हेरोइन के साथ अरेस्ट
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी बच्चितर सिंह को पुलिस ने सवा करोड़ की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। मामला पंजाब का है। वे तरनतारन की एसडीएम डॉ. अनुप्रीत कौर के पति भी है।
दरअसल, एसडीएम ने अपने पति के खिलाफ गला दबा कर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया था। थाना सिटी के एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि बीती रात एक बजे पुलिस पार्टी ने बस स्टैंड गांव काजीकोट के समीप नाकाबंदी की थी।
उन्होंने झब्बाल की ओर से आ रही एक फार्चूनर कार को रुकने का इशारा किया। कार ड्राइवर ने अपने हाथ में पकड़े हुए लिफाफे को बाहर फेंकने की कोशिश की तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया गया।
260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई
पूछताछ किए जाने पर कार चालक ने बताया कि वह तरनतारन की एसडीएम का पति है। तलाशी में उससे 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी जा रही है। बच्चितर पहले गांव शेरों में रहता था, जो तरनतारन से पांच किमी दूर है। पिछले 8 महीने से पत्नी के साथ सरकारी कोठी में रह रहा था।