संदिग्ध हालात में दंपती ने नहर में लगाई छलांग, पत्नी को लोगों ने बचाया, पति बहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव पोला की एक दंपति ने संदिग्ध हालत में गांव के पास से गुजरती नहर में छलांग लगा दी। पत्नी को आसपास के लोगों ने किसी तरह बचा लिया लेकिन पति पानी के तेज बहाव में बह गया। दंपति की पहचान गांव पोला निवासी गुरप्रीत सिंह और पत्नी रमनदीप कौर के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार दंपति करीब साढ़े 12 बजे घर से कार में निकले थे। जब वह नहर के पुल के पास पहुंचे तो अचानक कार रोककर पहले रमनदीप कौर और बाद में पति गुरप्रीत सिंह ने नहर में छलांग लगा दी। पानी के बहाव में गुरप्रीत सिंह बह गया जबकि रमनदीप कौर को पास से गुजरते व खेतों में काम कर रहे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया।
उसे सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में लाया गया। वहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया। दंपति की लगभग तीन वर्ष पहले शादी हुई थी। उनकी एक बेटी भी है जो कि उस समय गाड़ी में ही बैठी थी। थाना मूलेपुर के एएसआई गुरचरण सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। गुरप्रीत की नहर में तलाश शुरू कर दी गई है।
उधार दिए पैसे न मिलने पर नहर में लगाई छलांग
पटियाला में दो दुकानदारों की ओर से उधार दिए पैसे न लौटाने पर 41 साल के एक व्यक्ति ने नहर में कूदकर सुसाइड कर ली। थाना कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
संजय कुमार निवासी शिवचंद गली नजदीक बांसा वाला बाजार ने पुलिस को बयान दिया है कि उनके भाई मनोज कुमार (41) निवासी मीर कुंदला गली नजदीक सरहंदी बाजार ने दुकानदार बिन्नी निवासी वाण बाजार नजदीक ए टैंक पटियाला और पप्पू निवासी ए टैंक को पैसे उधार दिए थे।
अब दोनों पैसे लौटाने से इंकार कर रहे हैं। इस कारण मनोज काफी तनाव में रहता था। इसी दौरान दो जुलाई को वह बिना किसी बताए घर से कहीं चला गया। अब उसका शव भाखड़ा हेड फतेहपुर थाना झुनीर जिला मानसा से बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।