16 लाख की बाइक अंधाधुंध दौड़ा रही थी महिला, दो को कुचल डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सड़क पर अंधाधुंध 16 लाख की बाइक दौड़ा रही महिला ने दो लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। राहगीरों ने घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया।
घटना हरियाणा में झज्जर हाइवे की है। चंडीगढ़ से लौट रहे बाइकर्स के दल में शामिल एक 16 लाख कीमत की बाइक (हर्ले डेविडसन) ने दुजाना चौक पर एक अन्य बाइक को टक्कर मार दी। बाइकर्स दूसरी बाइक के चालक व साथ बैठी महिला को कुचलते हुए निकल गए।
इस बाइक को एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद मौके पर हंगामा हो गया और आस पास के लोगों ने बाइकर्स को वहीं रोक लिया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे।
चंडीगढ़ में रैली के बाद जा रहे थे राजस्थान
मिली जानकारी के अनुसार, ये बाइकर्स चंडीगढ़ में रैली में हिस्सा लेने आए थे और उसके बाद वाया रोहतक, झज्जर के रास्ते राजस्थान जा रहे थे। इसमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। सुबह युवा अलग-अलग 6 बाइकों पर सवार होकर दुजाना के पास से गुजर रहे थे। अचानक एक महिला बाइकर चौक पर दूसरी तरफ से अपनी बाइक पर आए गांव मदाना के विकास, धर्मबीर व इनके साथ बैठी एक महिला को टक्कर मार दी।
बाइकर्स हालांकि अपनी गलती से इनकार करते रहे, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी नहीं सुनी और पुलिस के आने तक उनको वहीं रोके रखा। दुजाना पुलिस चौकी इंचार्ज राजबीर ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर होने की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर गई तो पता चला कि बाइकर्स की टक्कर से एक महिला व पुरुष घायल हुए हैं।
पुलिसकर्मी को घायलों के बयान लेने के लिए भेजा गया। पुलिस हादसे की छानबीन कर रही है। जिस बाइक ने टक्कर मारी है, वह लाखों रुपये कीमत की बताई गई है। घायलों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।