पैलेस मालकिन ने नाबालिग पर डाला खौलता पानी, दागा
गुजरात पैलेस के मालिक की पत्नी प्रभजोत कौर पर 13 साल की नाबालिग युवती से अमानवीयता के आरोप लगे हैं। चाइल्ड लेबर एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामला, पंजाब के जालंधर शहर का है।
प्रभजोत कौर के घर काम करने वाली 13 साल की मासूम पूनम से अगर घर में छोटी सी भी गलती हो जाती तो उसके पेट में लातें मार जाती थी। उसके हाथों पर खौलता पानी डाला जाता था। कई बार आरोपी महिला उसके शरीर पर गर्म चाकू भी लगाती थी। पूनम के भाई को मामले का पता लगा तो उसने वीरवार को बहन को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।
डीसीपी राजिंदर सिंह के आदेशों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में पूनम की मौसी को भी नामजद किया गया है, जिसने पूनम को काम पर लगवाया था। इस केस की जांच और सुपरविजन एसीपी जसबीर सिंह राय को सौंप दी गई है। एसीपी राय ने सिविल अस्पताल में पूनम से पूरी घटना का ब्यौरा लिया।
गर्म चाकू लगाए जाते थे, भाई ने दी शिकायत
पूनम पुत्री सहज राम मूल रूप से बौऊड़ी जिला मानसी, बहराइच, यूपी की रहने वाली है। फिलहाल उसका परिवार एकता नगर में रह रहा है। करीब डेढ़ साल पहले पूनम को उसकी मौसी आरती ने सर्किट हाउस के सामने सिविल लाइंस में कोठी नंबर 38 में काम पर रखवाया था। वह कोठी में ही रहती थी।
पूनम का कहना है कि उसकी मालकिन उसको काफी टार्चर करती थी। अगर घर के कामकाज में छोटी सी गलती हो जाती तो उसके शरीर पर खौलता पानी डालती थी। उसके हाथ गीजर के गर्म पानी के नीचे रख दिए जाते थे। कई बार चाकू गर्म कर उसके शरीर पर लगाए जाते थे।
पूनम हाल ही में अपने घर गई थी, जहां पर उसके भाई ने शरीर व चेहरे पर निशान देखे। पूछने पर पूनम जोर-जोर से रोने लगी और सारी घटना के बारे में बताया। पूनम को तत्काल सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी प्रभजोत कौर को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
----कोट----
अभी पुलिस कोठी में लगे सीसीटीवी फुटेज की कापी लेगी और मामले की जांच करेगी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है लेकिन गिरफ्तारी जांच के बाद होगी।
जसबीर राय, एसीपी