लुधियानाः लूट की साजिश रच रहे गैंगस्टर समेत पांच गिरफ्तार, खतरनाक हथियार भी बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लूट की योजना बनाने वाले गैंगस्टर जस्सा सहित पांच आरोपियों को थाना बस्ती जोधेवाल और सीआईए वन की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को उस समय पकड़ा जब सभी आरोपी बहादुर के रोड स्थित झुग्गियों के पास लूट की योजना बना रहे थे। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 32 बोर की एक पिस्तौल, 12 कारतूस, दो मैगजीन, एक खिलौना पिस्तौल, वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली कार और तेजधार हथियार बरामद किए।
मामले में गैंगस्टर जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा, राकेश कुमार उर्फ काला, नरेश उर्फ लक्की गुज्जर, कुलविंदर सिंह उर्फ बूटा और हरविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
डीसीपी डिटेक्टिव सिमरतपाल सिंह ढींढसा ने बताया कि सीआईए और थाना बस्ती जोधेवाल की साझा टीम ने इलाके में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी गैंगस्टर जस्सा अपने साथियों के साथ मिल किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सभी आरोपी झुग्गियों के पास प्लानिंग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गैंगस्टर जस्सा के खिलाफ दर्ज हैं 19 मामले
डीसीपी ने बताया कि गैंगस्टर जस्सा के खिलाफ महानगर के विभिन्न थानों में 19 मामले दर्ज हैं। इसमें लूटपाट, हत्या के प्रयास, मारपीट और चोरी के मामले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी गैंगस्टर कई मामलों में अदालत द्वारा भगौड़ा है और कई मामलों में वांछित था। हाल ही में आरोपी जस्सा ने सीएमसी चौक के पास गोलियां चलाई थी। इस मामले में भी आरोपी पुलिस को वांछित था।
इसके अलावा आरोपी राकेश उर्फ काला बाहमण के खिलाफ भी छह मामले दर्ज हैं। आरोपी लक्की गुज्जर के खिलाफ विभिन्न थानों में सात और आरोपी बूटा के खिलाफ विभिन्न थानों में नौ मामले दर्ज हैं। यह आरोपी भी कई मामलों में वांछित थे।
डीसीपी ने बताया कि गैंगस्टर जस्सा से पिस्तौल बरामद हुई है। वह पिस्तौल कहां से लाया, यह जांच की जा रही है। आरोपी जस्सा ने यह पिस्तौल किसे लूटने के लिए खरीद की थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली आई-20 कार किसकी है।