पाक बॉर्डर पर फायरिंग, घुसपैठ की कोशिश नाकाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमृतसर के अजनाला के पास सीमांत गांव गोहगा में शनिवार रात बीएसएफ के जवानों ने पाक सीमा से घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया। भिंडीसैयदा थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शनिवार रात जवानों को सीमा के पास कुछ हरकत लगी, पहले चेतावनी दी गई लेकिन घुसपैठिया बाज नहीं आया। इस पर बीएसएफ जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी। घुसपैठिया भारत वाले क्षेत्र में एके-47 के 11 कारतूस छोड़कर फरार हो गया।
यह जानकारी 67 बटालियन के इंस्पेक्टर पीएस परमार ने दी। परमार ने बताया कि दीनानगर हमले के बाद पाक के साथ लगती सभी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
वहीं सूत्रों के अनुसार अगर घुसपैठिया सरहद को क्रास कर जाता तो शायद गुरु नगरी में बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था। इस घटना से आईबी विभाग भी अलर्ट हो गया। उसने पंजाब खासकर अमृतसर में अपनी सतर्कता बढ़ा दी है।
अनिल तालीवाल, आईजी, बीएसएफ ने बताया कि दीनानगर हमलों के मद्देनजर बॉर्डर पर रक्षा मंत्रालय के आदेशों के अनुसार बीएसएफ की सतर्कता बढ़ा दी गई है। रात को जवानों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पाक की तरफ से कोई घुसपैठ न हो।
आधुनिक यंत्र से सीमा पर नजर रख रहे जवान
उधर फिरोजपुर में स्वतंत्रता दिवस पर आतंकियों की ओर से भारत में गड़बड़ी किए जाने की सूचना पर पंजाब से सटी भारत-पाकिस्तान की सरहद पर अलर्ट जारी किया हुआ है। जवान हर वक्त पाकिस्तान की तरफ होने वाली गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हैं।
जवानों को दिन और रात के समय फेंसिंग पार पाकिस्तान की तरफ घंने जंगलों में नजर रखने के लिए आधुनिक यंत्र मुहैया करवाए गए हैं। हुसैनीवाला बार्डर पर भारत-पाकिस्तान के रेंजरों के बीच होने वाली रिट्रीट सेरेमनी स्थल पर जाने वाले प्रत्येक वाहन और लोगों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पंजाब से सटी भारत-पाक सरहद पर लगी फेंसिंग के आसपास जवानों की संख्या बढ़ाने के अलावा गश्त तेज की हुई है।
सतलुज दरिया उफान पर होने के कारण सरहद पर लगी फेंसिंग के आसपास कुछ खेतों में पानी भर चुका है। सरहदी गांव कालू वाला दरिया के पानी से घिरा हुआ है। बारिश में भी जवान गश्त कर रहे हैं।