फूड सप्लाई अफसर बन बेकरियों में करता था छापेमारी, खुला राज तो पहुंच गया सलाखों के पीछे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फूड सप्लाई अफसर बन चंडीगढ़ रोड की बेकरियों में छापेमारी के नाम पर पैसे ऐंठने की कोशिश में जुटे एक जाली अधिकारी और उसके साथी को दुकानदारों ने ट्रैप लगाकर काबू किया है। दुकानदारों ने उसे सलेम टाबरी के शिवपुरी इलाके से काबू किया।
उसके कब्जे से कुछ पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं। दुकानदारों ने इसकी जानकारी थाना सलेम टाबरी पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को काबू कर साथ ले गई। पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी हुई है। दुकानदार हितेश ने बताया कि उनकी और उनके कुछ साथियों की चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के पास कंफेक्शनरी और बेकरी की दुकानें है।
गुरुवार को एक व्यक्ति खुद को फूड सप्लाई विभाग का अधिकारी बन सभी बेकरियों में चेकिंग के नाम पर घुस गया। उसके साथ एक साथी मौजूद था। उसने सभी दुकानदारों को कई तरह की धमकियां दी और कार्रवाई की बात की। जिसके बाद कुछ दुकानदार एक बार तो डर गए। एक दुकान पर मालिक मौजूद नहीं था। जिस पर नौकरों ने अपने मालिक के साथ जाली अधिकारी की बात करानी चाही।
पहले तो जाली अफसर ने बात करने से मना कर दिया। लेकिन जब वह माना तो दुकानदार ने उसे किसी तरह से शिवपुरी बुला लिया जिससे वहां बैठ कर बात की जा सके। मामला सेट होते देख जाली अधिकारी सलेम टाबरी पहुंच गया। उसका साथी भी वहां उसी के साथ चला गया। दुकानदार ने जब उससे बात की तो जाली अधिकारी की जुबान लड़खड़ा गई।
वह खुद को फूड सप्लाई और कभी फूड सेफ्टी विभाग का बताने लगा। जिस पर दुकानदार को उस पर शक हो गया। उसने आरोपी से पहचान पत्र मांगा। जिसके बाद आरोपी वहां से निकलने की कोशिश में जुट गया। लेकिन दुकानदारों ने उसे घेर लिया और पहचान पत्र की मांग की। इस दौरान उसके कब्जे से जाली पहचान पत्र भी मिला।
दुकानदारों का आरोप था कि आरोपी अलग अलग विभागों का खुद को अधिकारी बताता था और हर जगह रौब डालने के लिए घुस जाता था। जिस व्यक्ति से पैसे ऐंठे जाते थे वहां से पैसे ऐंठ कर फरार हो जाता था। दुकानदारों ने आरोपी को काबू कर थाना सलेम टाबरी पुलिस को बताया और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर कमलजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।