कैथल: घर में ही प्रिंटर की मदद से छापे 500 के नकली नोट, सरगना समेत छह गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महज दसवीं व बारहवीं पास छह युवकों को घर में ही प्रिंटर की मदद से नकली नोट तथा अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। इनसे पुलिस ने चोरी की बाइक और एक ही सीरीज के 500 रुपये के 40 नोट बरामद किए हैं। इनमें से दो को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी शशांक सावन ने खुलासा किया है कि सीआईए-1 की टीम एसआई कश्मीर सिंह, एचसी मनीष कुमार, एचसी रणदीप सिंह, एचसी तरसेम, कांस्टेबल नरेश कुमार व जगबीर के साथ कैथल में खुराना रोड पर ड्रेन पुल के निकट थे। सांय के समय एक युवक बिना नंबर की बाइक से गांव खुराना की ओर से आ रहा था। जिसे शक के आधार पर रुकवाया तो उक्त बाइक चालक कट मारकर भागने लगा।
पुलिस ने काफी दूर तक पीछा कर काबू किया। जहां उसने कठवाड़ निवासी विजय अपना पता बताया। जांच की तो पैंट की दाहिनी जेब से 500-500 के 40 नकली नोट मिले। जिन पर नंबर भी एक समान मिला। इस आरोपी ने खुलासा किया कि सभी नोट क्योड़क निवासी दिनेश व रसूलपुल निवासी मांडी सुखविंद्र सिंह, मौजूद पता भगत सिंह कालोनी कैथल ने दिए थे।
वह इन नोट को मार्केट में चलाने के लिए लेकर आया था। इस सूचना पर दिनेश और सुखविंद्र सिंह को काबू कर लिया। पूछताछ के बाद सुखविंद्र ने बताया अपने साथी संजय उर्फ संजू निवासी जसवंती के साथ मिलकर प्रिंटर की मदद से नकली नोट बनाते हैं। ये नोट बनाकर दिनेश, अनिल निवासी क्योड़क, जसीर सिंह निवासी मलिकपुर को मार्केट में चलाने के लिए देते हैं।
एसपी के अनुसार आरोपी संजय उर्फ संजू व दिनेश का जाली करंसी नोट तैयार करने में प्रयुक्त किए गये प्रिंटर व कंप्यूटर तथा शेष जाली करेंसी की बरामदगी सहित व्यापक पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। जबकि शेष चारों आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।
इनमें से पुलिस ने विजय पाल के पास से 20 हजार के नकली नोट और एक चोरी की बाइक, दिनेश के पास से एक लाख 50 हजार के नकली नोट, संजू के पास से 1 लाख 60 हजार के नकली नोट, अनिल के पास से 1 लाख 10 हजार के नकली नोट, जसबीर सिंह के पास से 50 हजार के नकली नोट, सुखविंद्र सिंह के पास से 60 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।
नकली नोट बनाने के आरोप में छह युवकों को गिरफ्तार करके दो को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लाखों रुपये की नकली करेंसी भी बरामद की है। पुलिस रिमांड के बाद अहम खुलासे होने की उम्मीद है। शशांक सावन, एसपी, कैथल।