फरीदकोट छावनी से मिला बम बनाने का जखीरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के फरीदकोट स्थित छावनी क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय की स्टाफ कॉलोनी से बुधवार सुबह एक लावारिस बैग में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने से दहशत का माहौल पैदा हो गया।
इस पिठ्ठू बैग में से एक बैटरी, दो इलेक्ट्रॉनिक्स रॉड व 250 ग्राम हल्के पीले रंग के पाउडर समेत एक टेडी बेयर (खिलौना) बरामद हुआ है। इसके साथ ही बैग में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की मोहर वाला कराची कैंट का एक इंट्री पास भी मिला है। इस पर किसी एस सिंह नामक व्यक्ति की फोटो लगी हुई है।
इस पूरी सामग्री को फिरोजपुर छावनी के बम निरोधक दस्ते ने अपने कब्जे में कर लिया है। इस मामले की सेना अधिकारियों समेत जिला पुलिस ने उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।
केंद्रीय विद्यालय के पास मिला संदिग्ध बैग
केंद्रीय विद्यालय से सटी कॉलोनी में एक अध्यापिका के पति दीपक वर्मा ने बुधवार सुबह लगभग 7 बजे अपने घर के पास एक लावारिस पिठ्टू बैग देखा। स्कूली बच्चे का बैग होने की शंका में जब दीपक वर्मा ने उसे खोलना चाहा तो उसमें संदिग्ध सामान दिखाई दिया।
उन्होंने तुरंत सेना के आला अधिकारियों समेत जिला पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसपी बलवीर सिंह, डीएसपी गुरबख्श सिंह, डीएसपी एचपीएस परमार समेत पुलिस व सेना के आला अधिकारियों ने लावारिस बैग में रखी सामग्री की बारीकी से जांच की।
विस्फोटक सामग्री होने की आशंका पर फिरोजपुर छावनी से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। फिरोजपुर से पहुंचे कर्नल कुलबीर सिंह ने बैग के सारे सामान को बाहर निकाला।
सेना के जांबाज ने किया निष्क्रिय
इसके बाद बम निरोधक दस्ते की टीम ने एक-एक करके बैग के सारे सामान को उठाया। वे इसे एक गाड़ी में रखकर फिरोजपुर छावनी ले गए। इस मामले में सेना अधिकारियों ने किसी भी तरह की जानकारी देने से मना कर दिया है।
वहीं, जिला पुलिस के डीएसपी गुरबख्श सिंह ने कहा कि उन्हें छावनी क्षेत्र में एक लावारिस बैग की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच के बाद सेना की फिरोजपुर छावनी के बम निरोधक दस्ते ने बैग के संदिग्ध सामान को कब्जे में ले लिया है।
बैग में विस्फोटक होने या न होने की पुष्टि सेना की जांच के रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकती है।