पुलिस और गैंगस्टरों में मुठभेड़, 5 करोड़ की हेरोइन पकड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के बटाला थाना घुमाण के अंतर्गत पड़ते गांव सिधवां में वीरवार सुबह पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई। दो घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो गैंगस्टरों को हथियारों और हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
फायरिंग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन पुलिस से बचने के लिए भागते समय गिरने से एक गैंगस्टर को मामूली चोट आई है। पुलिस दोनों बदमाशों से पूछताछ में जुट गई है। पुलिस को घटनास्थल से 30 खोल 12 बोर के और 4 खोल 7.62 एमएम के बरामद हुए हैं।
वीरवार शाम पुलिस लाइन बटाला में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी बटाला दिलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि पंजाब में बिल्ला मंडियाला वाला नाम का गैंग पिछले काफी दिनों से सरगर्म है और पूरे राज्य में कई वारदात को अंजाम दे चुका है। वीरवार को उन्हें सूचना मिली कि गांव सिंधवां के एक घर में दो गैंगस्टर छिपे हैं। जब घर की घेराबंदी की गई तो गैंगस्टरों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी और घर में से बाहर निकल कर खेतों की ओर भाग गए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। करीब दो घंटे तक रुक-रुक फायरिंग होती रही।
जब दोनों गैंगस्टरों के पास कारतूस खत्म होने लगे तो वह ईंटों के भट्ठे पर छलांग लगाकर भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने उनको दबोच लिया। पकड़े गैंगस्टरों की पहचान बलजिंदर सिंह बिल्ला वासी मंडियाला और गुरप्रीत सिंह गोरा वासी बरियार के रूप में हुई।
एसएसपी ने बताया कि बिल्ला से 12 बोर की डबल बैरेल गन और छह कारतूस और गुरप्रीत गोरा से 7.62 एमएम अमेरिकन पिस्टल और मैगजीन समेत 125-125 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों गैंगस्टरों के खिलाफ थाना घुमाण में मामला दर्ज कर लिया गया है।
बीएसएफ को सरहद से मिली पांच करोड़ की हेरोइन
11 अप्रैल को लुधियाना में की थी किडनैपिंग: पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीसी एक्ट और इरादा-ए-कत्ल जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। बिल्ला मंडियाला गैंग के नाम से प्रसिद्ध इस गैंग के सदस्यों ने 11 अप्रैल को लुधियाना में अमन मित्तल वासी पटियाला को अगवा किया था और उसके परिजनों से पांच लाख की फिरौती मांगी थी।
लुधियाना पुलिस ने मामला दर्ज कर गैंग के सदस्य अमरवीर सिंह गोपी को 315 बोर के 47 कारतूस, पांच लाख रुपये और सात मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया था। बलजिंदर सिंह बिल्ला, गुरप्रीत सिंह गोरा, गुरपरवेज सिंह और अमरजीत सिंह अमरू मौके से फरार हो गए थे। वीरवार को बटाला पुलिस ने सूचना के आधार पर गैंग के दोनों गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया।
एक किलो हेरोइन बरामद कीमत 5 करोड़
उधर फिरोजपुर में सीमा सुरक्षा बल ने सरहद से पांच करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। यह घटना फिरोजपुर सेक्टर स्थित बीओपी बारेके के पास घटी। बीएसएफ के सीनियर प्रवक्ता और डीआईजी आरएस कटारिया ने बताया कि बीएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी। बीओपी बारेके पास फेंसिंग पार खेतों में सर्च अभियान चलाया गया जहां से एक किलो हेरोइन बरामद हुई।