Zirakpur Encounter: बलटाना में होटल मालिक से रंगदारी मांगने पहुंचे गैंगस्टरों और पुलिस में मुठभेड़, एक घायल, तीन को पकड़ा
सूचना के बाद पुलिस ने होटल का घेराव किया। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्ण करने को कहा। मगर गैंगस्टर ने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब की एंटी गैंगस्टर फोर्स ने रविवार रात को जीरकपुर क्षेत्र के बलटाना में होटल मालिक से रंगदारी मांगने आए भुप्पी राणा के तीन गैंगस्टर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक गैंगस्टर और एक सब इंस्पेक्टर घायल हुआ, जो खतरे से बाहर हैं। आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, 10 कारतूस और दो खोल बरामद किए हैं। तीनों गैंगस्टरों की पहचान पंचकूला स्थित बरवाला के गांव सुल्तानपुर निवासी रणबीर, विशाल और आशीष के रूप में हुई है। देर रात हुई मुठभेड़ से इलाके में दहशत भी बनी रही।
डीआईजी रोपड़ गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया, भुप्पी राणा के गैंगस्टर अंकित राणा ने बलटाना स्थित होटल रिलेक्स इन के मालिक से लाखों रुपये की रंगदारी मांगी थी। मांगी गई रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। गैंगस्टरों से परेशान होटल मालिक ने 11 जुलाई को जीरकपुर थाने में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया और होटल मालिक के साथ मिलकर गैंगस्टरों को रविवार को पैसे देने के लिए बुलाया।
पुलिस ने ट्रैप लगाकर पकड़ा
गैंगस्टर अंकित राणा ने पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम से रणबीर, विशाल और आशीष को बलटाना भेजा। होटल के अंदर और बाहर सादी वर्दी में पुलिस भी तैनात थी। जैसे ही गैंगस्टर अंदर दाखिल हुए तो पुलिस भी पहुंच गई। सवाल जवाब करने के दौरान गैंगस्टर रणबीर ने पिस्टल से फायर किया, जो सीधे दीवार में जा लगी। फिर पिस्टल का बट सब-इंस्पेक्टर राहुल कुमार के सिर में मारा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। रणबीर ने दूसरा फायर किया, जो दूसरे पुलिसकर्मी को लगी लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से गोली का असर नहीं हुआ। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो रणबीर के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने तीनों गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया।
भुप्पी राणा पर 30 से ज्यादा केस दर्ज
गैंगस्टर भूपिंद्र राणा उर्फ भुप्पी राणा पर हरियाणा और पंजाब में 30 से ज्यादा केस दर्ज हैं। भुप्पी राणा इस समय में जेल में है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है दुश्मनी
भुप्पी राणा गैंग और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बीच वर्चस्व को लेकर जंग चलती आ रही है। जेल के अंदर भी कई बार इस गैंग के गुर्गों के बीच लड़ाई हो चुकी है। सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद राणा गैंग ने बदला लेने की बात कही थी।
सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार को सम्मानित भी किया जाएगा
एसएसपी विवेकशील सोनी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से बरामद पिस्टल व कारतूस को अपने कब्जे में ले लिया। ऑपरेशन का नेतृत्व डीएसपी विक्रम बराड़ ने किया, जो साधारण कपड़ों में गैंगस्टरों की हर हरकत पर नजर बनाए थे। सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार को सम्मानित भी किया जाएगा।
पहली व दूसरी मंजिल पर था होटल
जानकारी के अनुसार, रिलेक्स इन होटल एक शोरूम में बना हुआ है और ग्राउंड फ्लोर छोड़कर पहली व दूसरी मंजिल पर बना हुआ है। गैंगस्टरों की धरपकड़ इसलिए भी आसान रही, क्योंकि होटल आने व जाने के खातिर एक ही सीढ़ियां थीं। पुलिस ने पहले ही होटल को चारों ओर से घेर लिया था, ताकि गैंगस्टर भाग न सकें।