पुलिस ने 24 घंटे में धरे 29 ड्रग सप्लायर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब पुलिस ने बॉर्डर एरिया में चिन्हित 117 मुख्य ड्रग तस्करों में से 29 को बीते 24 घंटे के दौरान जारी अभियान में गिरफ्तार कर लिया है। प्रदेश भर में 20 मई से अब तक ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान में पुलिस ने 2000 से अधिक छोटे ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है।
हालांकि आरोप यह भी है कि पकड़े गए लोग छोटे-छोटे नशेड़ी हैं और इनकी गिरफ्तारी कर पुलिस खानापूर्ति कर रही है। लेकिन पुलिस अधिकारियों की थ्योरी अलग है।
उनका कहना है कि इसमें दो राय नहीं कि छोटे ड्रग पैडलरों में से कई नशेड़ी भी होंगे, लेकिन यह सही नहीं है कि नशेड़ी ड्रग तस्करी के धंधे में शामिल नहीं हो सकते। पुलिस का उद्देश्य निचले स्तर तक ड्रग तस्करी को समाप्त करना है।
छोटे ड्रग तस्करों पर भी कड़ी नजर
एक उच्च पुलिस अधिकारी का तर्क है कि यदि प्रदेश में तस्करी के जरिए पहुंचे 500 किलो नशे में से बड़े तस्करों से 450 किलो नशा पकड़ा जाए और बाकी 50 किलो छोटे पैडलरों के माध्यम से गली-मोहल्लों में लोगों तक पहुंच जाए तो सारे अभियान पर पानी फिर जाता है, इसलिए पुलिस जहां इस कारोबार के बड़े मगरमच्छों पर नजर गड़ाए हुए है, वहीं छोटे पैडलरों को भी नहीं बख्श रही।
थाना स्तर तक पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई गलत गिरफ्तारी न हो और जहां तक हो सके नशे के शिकार लोगों का इलाज करवाया जाए।
ड्रग तस्करी के 2000 केस दर्ज
पंजाब में ड्रग तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान में मुख्य रूप से हेरोइन, स्मैक, चरस, अफीम, भुक्की, सिंथेटिक ड्रग्स, कैप्सूल आदि पर पुलिस का ध्यान केंद्रित है।
बीते 10 दिन के दौरान करीब साढ़े पांच किलो हेरोइन, सवा चार किलो स्मैक, साढ़े चार किलो चरस, 12 किलो अफीम, 31 क्विंटल भुक्की, डेढ़ किलो गांजा, 2 किलो सुल्फा, 47 हजार नशीले कैप्सूल, पौने दो लाख नशीले टेबलेट, 700 से अधिक इंजेक्शन, 250 किलो भांग रिकवर की गई हैं। इस दौरान करीब 2000 मामले दर्ज किए गए हैं।
यह कहना है पुलिस अधिकारी का
- ईश्वर चंद्र, आईजी (बॉर्डर) अमृतसर