शव को कुत्त नोचते रहे और पुलिस जांच करती रही
हरियाणा के सोनीपत रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस की इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। एक बुजुर्ग द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने के बाद सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस करीब तीन घंटे तक उसकी शिनाख्त में जुटी रही।
इस बीच शव को कुत्ते और कौवे नोंच-नोंचकर खाते रहे। ड्यूटी और फर्ज के बीच यह वाकया और ज्यादा दुखद इसलिए लगता है क्योंकि घटनास्थल जीआरपी थाने से मात्र 20 मीटर की दूरी था।
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर थाना जीआरपी के पास सोमवार सुबह करीब 7 बजे दिल्ली-अमृतसर शताब्दी ट्रेन के आगे कूदकर एक बुजुर्ग ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। यह मामला प्लेटफार्म नंबर-2 का है। बुजुर्ग की उम्र करीब 58 वर्ष है। हादसे की सूचना थाना जीआरपी को दी।
3 घंटे तक पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी रही
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कर शव को शिनाख्त के लिए ट्रैक पर ही छोड़ दिया। करीब तीन घंटे तक पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी रही। इस बीच कुत्ते और कौवे शव को नोंच-नोंच कर खाने लगे।
यह सब देखने के बावजूद पुलिस ने शव उठाने की जहमत नहीं उठाई। यह सूचना जब मीडिया कर्मियों के पास पहुंची तो उन्होंने इस मुद्दे को पुलिस के सामने उठाया। इस पर सुबह करीब 10 बजे आनन फानन में शव को ट्रैक से उठाकर सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस से जब इस मामले में देरी की वजह पूछी तो अटपटा-सा जवाब मिला कि शव की पहचान के लिए शव को नहीं उठाया गया।
लेकिन पुलिस वाले इस बात को भूल गये कि शव की पहचान थाने में शव को रखकर भी की जा सकती थी। मामले के जांच अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया कि शव पर सफेद कमीज, सफेद बनियान, मटियाली जर्सी, आसमानी जर्सी और नीली रंग की पैंट पहने था। फिलहाल सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव को शिनाख्त के लिए रखवा दिया है।