'अगर रात का राज बताती तो न मारी जाती'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के यमुनानगर में जोगिंद्र नगर मेड हत्याकांड के बाद पकड़े गए आरोपी का सुनिए कबूलनामा... 13 अगस्त रात को नशे में था, इस दौरान मनजीत के घर पहुंचा। वहां खाना खाते हुए बेहोश हो गया। अगली सुबह मैंने खुद को अपने घर पाया। मेरे शरीर पर चोटों के निशाने थे और शरीर में भारी दर्द था। मैं बिल्कुल नग्नावस्था में अपने कमरे में पड़ा था।
दिमाग पर जोर दिया तो याद आया कि बीती रात मनजीत के घर खाना खाते हुए मैं बेहोश हो गया था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं अपने घर कैसे पहुंचा और मेरे कपड़े किसने उतारे? शक था कि किसी ने मेरे साथ गलत काम किया।
मनजीत से मैंने उस रात के बारे कई बार पूछा, लेकिन वह कुछ बता नहीं रही थी। रविवार को जब मनजीत से उक्त बात पूछी तो वह इधर-उधर की बात करते हुए टालने लगी, फिर बहाना बनाकर घर से जाने लगी। इसी कारण हम दोनों का झगड़ा हो गया और बात इतनी बढ़ गई कि मैंने गंडासी से उसके शरीर पर वार कर दिए।
वह मर चुकी थी, मैं बहुत घबराकर वहां से फरार हो गया। ये कोई फिल्मी कहानी नहीं है, बल्कि वह बयान हैं जो जोगिंद्र नगर मेड हत्याकांड के आरोपी जितेंद्र ने गुरुवार को फर्कपुर पुलिस को दिए। हालांकि पुलिस को जितेंद्र की इन बातों में सच्चाई कम और गढ़ी गई कहानी ज्यादा दिख रही है।
मेड हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार
मेड हत्याकांड के आरोपी जितेंद्र को पुलिस ने शाम करीब चार बजे फव्वारा चौक से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह वहां से फरार होने की फिराक में था। फर्कपुर पुलिस को सूचना मिली की जोगिंद्र नगर मेड हत्याकांड का आरोपी जितेंद्र फव्वारा चौक पर मौजूद है और वहां से फरार होने की फिराक में है।
इस पर थाना फर्कपुर प्रभारी दयालचंद ने गांधी नगर चौकी पुलिस सहित फव्वारा चौक पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पुलिस ने आरोपी से जब पूछताछ की तो उसने मनजीत की हत्या किए जाने की बात कबूली। हत्या का कारण पूछने पर उसने उक्त बयान दिए।
जितेंद्र ने बताया कि मनजीत उसके घर मेड का काम जरूर करती थी, लेकिन वह उसकी प्रेमिका था। दोनों काफी समय से एक-दूजे को जानते थे। मनजीत रोज उसके घर आती थी वहीं, घर जाने पर फोन पर भी दोनों की लंबी बात हुआ करती थी।
मामले में ब्लैकमेलिंग का पेंच!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र के अनुसार जब वह मनजीत के घर गया था तो कुछ नशे में था। अगले दिन उसने स्वयं को अपने घर नग्नावस्था में पाया। सूत्र बताते हैं कि जितेंद्र के साथ उस रात गलत काम कर उसकी वीडियो बना ली गई। जिस आधार पर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था।
जितेंद्र ने बताया कि 14 अगस्त को उसने स्वयं को बदहवास हालत में अपने घर पाया। अपने दर्द को देखते हुए वह यह सोच रहा था कि उसके साथ कहां, कैसे और हुआ है। वहीं मनजीत उसके घर रोज आती थी लेकिन इसके बाद वह 14-15 अगस्त को उसके घर नहीं आई।
फोन पर काफी बुलाने के बाद वह 16 अगस्त को आई। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने मनजीत से 13 अगस्त रात की बात पूछी लेकिन वह कुछ बता नहीं रही थी। जिससे उसे शक हो गया कि उसके साथ जो भी हुआ है मनजीत जानती और इसके पीछे भी वही है।
आरोपी के यहां मेड का काम करती थी
मंगलवार को जोगिंद्र नगर स्थित एक मकान में पास में रहने वाली 35 वर्षीय मंजीत कौर का शव गली-सड़ी हालत में खून से सना मिला था। महिला उक्त मकान के मालिक व रेलवे कर्मचारी 24 वर्षीय जितेंद्र के पास मेड थी। महिला की हत्या के बाद से ही मकान मालिक जितेंद्र फरार है, जिसके खिलाफ थाना फर्कपुर पुलिस ने मृतका के भाई सतपाल के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया है।
थाना फर्कपुर प्रभारी दयाल चंद ने बताया कि मनजीत की हत्या के आरोपी जितेंद्र को फव्वारा चौक से पकड़ लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने हत्या करना कबूला है और कारण कोई विशेष बात पूछने पर झगड़ा हुआ बता रहा है। ब्लैकमेलिंग जैसी अभी कोई बात सामने नहीं आई है।
हां ऐसा कुछ सामने आया तो पुलिस उस पहलू पर भी जांच करेगी। शुक्रवार आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी का रिमांड लेने की कोशिश करेगी। मामले में अभी पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।