हरियाणा रोडवेज बस में युवती से अश्लील हरकत करते कंडक्टर का वीडियो वायरल, सस्पेंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोडवेज की जिन बसों के पीछे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का स्लोगन लिखा होता है, उन्हीं में से एक बस के कंडक्टर द्वारा युवती से अश्लील हरकत करने का वीडियो वायरल हुआ है। बस में सवार किसी ने यह वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले की सूचना मिलते ही भिवानी के रोडवेज महाप्रबंधक मनीष कुमार ने आरोपी कंडक्टर राजेश कुमार को सस्पेंड कर जांच शुरू कर दी है।
मामला रविवार सुबह का है। भिवानी के तोशाम सब डिपो की बस एचआर 61डी 6609 सुबह करीब सात बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई। बस जब कैथल और कलायत के बीच पहुंची तो बस के परिचालक ने बस में सो रही एक युवती के पास खड़े होकर अश्लील हरकत की। करीब 10-15 मिनट तक परिचालक युवती के पास खड़े होकर अश्लील हरकत करता रहा।
यह मामला सुबह करीब 11 से साढ़े 11 बजे के बीच का है। रोडवेज बस तोशाम से चंडीगढ़ होते हुए शाम को छह बजे हिसार पहुंचती है। उसके बाद फिर तोशाम के लिए रवाना होती है।
तीन दिन पहले तोशाम डिपो में हुआ ट्रांसफर
कंडक्टर राजेश कुमार का तीन दिन पहले ही तोशाम सब डिपो में ट्रांसफर हुआ है। इससे पहले वह रेवाड़ी में कार्यरत था। तीन दिन बाद ही कंडक्टर के वायरल हुए वीडियो ने शर्मसार कर दिया। इस मामले में भिवानी के रोडवेज महाप्रबंधक मनीष कुमार ने जांच शुरू कर दी है। वहीं वीडियो देखने के बाद हर कोई परिचालक को कोस रहा है। सोशल मीडिया पर भी कमेंट कर परिचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
चार वीडियो हुए वायरल
सोशल मीडिया पर परिचालक की अश्लील हरकत करते हुए चार वीडियो वायरल हुए हैं। रविवार शाम से ही ये वीडियो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक पर फॉरवर्ड किए जा रहे हैं और लोग कमेंट कर परिचालक को कोसते हुए विभाग से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बसों में नहीं लगे सीसीटीवी
हिसार डिपो की बसों में काफी साल पहले सीसीटीवी लगाने के आदेश दिए गए थे, ताकि बसों में किसी भी प्रकार की होने वाली हरकत कैमरे में कैद हो सके लेकिन आज तक इन बसों में सीसीटीवी नहीं लग पाए हैं। ऐसे में बस में सफर करने वाली बेटियां और महिलाएं अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
बस में अश्लील हरकत करने वाले परिचालक राजेश को मामला संज्ञान में आते ही सस्पेंड कर दिया गया है। ऐसी हरकत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय कार्रवाई हमने कर दी है। कानूनी कार्रवाई तो युवती के परिजन ही करा सकते हैं। -भरत सिंह परमार, ट्रैफिक मैनेजर, भिवानी रोडवेज डिपो
बस स्टैंड पर तो सीसीटीवी लगे हुए हैं। मगर हिसार डिपो की किसी भी बस में सीसीटीवी नहीं लगे हैं। सीसीटीवी लगवाने के लिए पंचकूला मुख्यालय को पत्र लिखा जाएगा। बाकी इस कंडक्टर को भिवानी महाप्रबंधक ने सस्पेंड कर दिया है। -विकास यादव, जीएम, रोडवेज।