यमुनानगरः गन प्वाइंट पर 80 लाख की लूट, जान बचाने के लिए छत से कूदा, टांग टूटी
यमुनानगर के पॉश इलाके मॉडल टाउन के एक फ्लैट में पांच युवक घुस गए और गन प्वाइंट पर वहां किराए पर रहे दो लोगों से 80 लाख 20 हजार रुपये लूटकर वरना गाड़ी में फरार हो गए। घर के बाहर लगे सीसीटीवी में आरोपी भागते हुए नजर आएं हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एसपी कुलदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
हमलावरों से बचने के लिए संजय नाम का एक व्यक्ति छत से कूद गया। जिससे उसकी टांग की हड्डी टूट गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वे गुजरात के एक कारोबारी के पास काम करते हैं और गुजरात व दिल्ली से पेमेंट लाकर यहां यमुनानगर के व्यापारियों को देते थे और यहां से पैसा लेकर दिल्ली पहुंचाते थे। पुलिस ने कबीर की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाषचंद के नेतृत्व में चार टीमें लगाई हैं।
पुलिस को दी शिकायत में बताया गया है कि वे कमीशन पर पेमेंट इधर से उधर पहुंचाने का काम करते थे। इस पूरे कारोबार को गुजरात का एक व्यापारी संचालित करता है। ये सभी पेमेंट गुजरात और दिल्ली से लाकर आदान-प्रदान करते हैं। एसपी ने फ्लैट की पहली मंजिल सहित घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद पड़ोसियों से बात की। आसपास रह रहे लोगों से भी घटना को लेकर पूछा। इस पूरे मामले में हवाला का भी अंदेशा जताया जा रहा है। हालांकि किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की।
गुजरात के महसाना के गांव बलोल निवासी संजय, कबीर, रमेश आदि ने म\डल टाउन में संत निश्चल स्कूल के पास किराए पर फ्लैट ले रखा है। संजय गुजरात से 40 लाख दस हजार रुपये लेकर पहुंचा था। संजय जो पेमेंट लेकर आया था उसने यह पेमेंट यहां किसी फैक्ट्री के मालिक को देनी थी। संजय बस में सवार होकर यमनुनगर पहुंचा था और अपने कमरे में चला गया। यहां उसके साथ दो-तीन अन्य लोग भी थे।
संजय अभी आराम कर ही रहा था कि कार में सवार होकर पांच बदमाश आए। बदमाशों ने पहले दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही बदमाशों ने कमरे में रह रहे लोगों पर पिस्टल तान दी। पिस्टल देखकर संजय अपने बचाव के लिए छत से नीचे कूद गया। नीचे गिरते ही उसकी टांग पर चोट लग गई। इसके बाद बदमाश मौके से 80 लाख 20 हजार रुपये की पेमेंट लेकर बड़े ही आराम से फ्लैट से नीचे उतरे। थोड़ी दूर खडी एक कार उनके नीचे आने से पहले ही गेट पर आ गई। बदमाश बड़े ही आराम से गाड़ी में बैठे और फरार हो गए।
बदमाशों ने फ्लैट से उतरकर गाड़ी में बैठते हुए की तस्वींरे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें एक बदमाश के हाथ में रुपयों से भरा वह बैग भी नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गंभीर हालत में पड़े संजय को उठाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे उपचार दिया जा रहा है।
रेकी कर बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
यमुनानगर एक औद्योगिक जिला है। यहां पर अमूमन कई लोग कमीशन पर मोटी रकम लेनदेन का कारोबार कर रहे है। जो दूसरे राज्यों से बड़ी बड़ी पेमेंट लेकर आते है। आशंका जताई जा रही है कि संजय के पास बड़ी पेमेंट होने की सूचना बदमाशों को पहले ही मिल चुकी थी और तभी बदमाशों ने पहले से ही संजय की रेकी कर रखी थी। जिसके बाद वह इतनी बड़ी रकम लूट कर फरार हो गए।
पहले भी हो चुकी है वारदात, यह अब तक की सबसे बड़ी घटना
कारोबारियों से इस तरह की वारदातें पहले भी हो चुकी है। कुछ साल पहले माडल टाउन में एक किराए के मकान में रह रहे इसी तरह के एक कारोबारी से बदमाशों ने लूटपाट कर उसे मुलाना में मौत के घाट उतार दिया था। इसी तरह जगाधरी में भी एक वारदात को अंजाम दिया गया था। ऐसे अब तक तीन मामले सामने आ चुके है। लेकिन यह वारदात अब तक की बड़ी वारदात मानी जा रही है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीमें अलग अलग जगह पर भेजी गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही डंप भी उठाएं गए हैं। जांच में पुलिस की टीमें जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। गुजरात के जिस कारोबारी का यह धनराशि थी, उसे भी सूचना दे दी गई है। -सुभाषचंद, डीएसपी हेडक्वार्टर
माडल टाउन में लूटपाट होने की सूचना पर हम मौके पर गए थे। 80 लाख रुपये की लूटपाट का मामला सामने आया है। मामले में अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रहे है। - कमलजीत सिंह, एसएचओ, थाना शहर