Haryana News: चॉकलेट देकर छात्राओं को अश्लील फिल्में दिखा रहा था शिक्षक, परिजनों ने पकड़कर जूतों की माला पहनाई
स्कूल की 8वीं कक्षा की छात्राओं और उनके अभिभावकों ने बताया कि काफी समय से स्कूल का पंजाबी विषय का शिक्षक लड़कियों को चॉकलेट व टॉफी देकर अपने मोबाइल में अश्लील फिल्में दिखाता था। साथ ही मोबाइल में गंदी-गंदी तस्वीरें दिखाकर लड़कियों के साथ गंदी हरकतें करता था।
विस्तार
हरियाणा के पंचकूला जिले के एक सरकारी स्कूल की आठवीं की छात्राओं को स्कूल के ही पंजाबी शिक्षक चॉकलेट देकर मोबाइल में अश्लील फिल्में दिखा रहा था। छात्राओं और परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिक्षक पर छात्राओं को गंदी तस्वीरें दिखाने और शादी करवाने की बातें करने का भी आरोप है।
शिकायत करने के बाद भी स्कूल हेड ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद छात्राओं ने अभिभावकों को मामले की जानकारी दी। अभिभावक सोमवार को स्कूल पहुंचे और स्कूल हेड से उक्त टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सोमवार की सुबह आरोपी शिक्षक अभिभावकों को देखते ही स्कूल परिसर से भागने लगा। स्कूल से कुछ दूरी पर लोगों ने पकड़कर उसके गले में चप्पलों की माला पहना दी। इसके बाद किसी तरह वह जान बचाकर मौके से फरार हो गया।
स्कूल की 8वीं कक्षा की छात्राओं और उनके अभिभावकों ने बताया कि काफी समय से स्कूल का पंजाबी विषय का शिक्षक लड़कियों को चॉकलेट व टॉफी देकर अपने मोबाइल में अश्लील फिल्में दिखाता था। साथ ही मोबाइल में गंदी-गंदी तस्वीरें दिखाकर लड़कियों के साथ गंदी हरकतें करता था।
इसके अलावा लड़कियों को उनकी मनपसंद लोगों से शादियां करवाने की बात कर जबरदस्ती करता था। 26 मई को स्कूल की छात्राओं ने मामले की शिकायत अपने अभिभावकों से की। उसके अगले दिन 27 मई शनिवार को मामले की शिकायत स्कूल हेड से की गई लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। पहले भी स्कूल की छात्राओं के साथ शिक्षक गंदी हरकत कर माफी मांग चुका है।
स्कूल हेड ने मामला दबाया
छात्राओं और उनके अभिभावकों का कहना है कि इससे पहले भी स्कूल हेड को कई बार शिकायत दी लेकिन अभिभावकों से माफी मांग कर वह हर बार बच जाता था। हैरत की बात है कि स्कूल के इंचार्ज ने बार-बार शिकायत मिलने के बाद मामले को दबाया। 27 मई को जिन छात्राओं ने स्कूल में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दी थी, रविवार को उनके घर आरोपी शिक्षक की पत्नी और बेटी पहुंची। दोनों ने मिलकर पीड़ित लड़कियों के घर काफी हंगामा कर गाली गलौच की। पीड़ित लड़की और उनके परिजन से शिकायत वापस लेने का दबाव बना रही थी। इसके बाद गांव के लोग इकट्ठा हो गए तो उन्हें देख आरोपी शिक्षक की पत्नी और बेटी भाग गईं।
मामले की जांच के लिए दो दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही विभाग के अधिकारियों को मामले की सूचना दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - सतपाल कौशिक, डीईओ पंचकूला।
रायपुररानी के एक सरकारी स्कूल के 8वीं कक्षा की छात्राओं के साथ स्कूल के ही पंजाबी शिक्षक ने टॉफी और चॉकलेट देकर गंदी हरकत करने और अश्लील फिल्म दिखाने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। - सुखबीर सिंह, एसएचओ रायपुररानी थाना।